मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का हुआ समाधान
पेयजल संकट दूर होने से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर ग्रामीणों ने की थी समस्या समाधान की मांग
जशपुर : ग्राम पंचायत सेंदरीमुंडा के वार्ड क्रमांक 7 बैशाखूपारा में वर्षों से बनी हुई पेयजल समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। गर्मी के मौसम में वार्डवासियों को अब स्वच्छ पेयजल की सुविधा सहज रूप से उपलब्ध होने लगी है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों को लंबे समय से पेयजल के लिए दूर-दराज क्षेत्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को पानी लाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। समस्या के स्थायी समाधान के लिए श्री उमेश यादव, श्री संतोष देहरी एवं ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर क्षेत्र की पेयजल समस्या से अवगत कराया तथा हैंडपंप खनन की मांग की।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। इसके तहत बैशाखूपारा में हैंडपंप खनन कार्य कराया गया। हैंडपंप से पानी निकलते ही ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। अब वार्ड क्रमांक 7 के लोगों को घर के समीप ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की संवेदनशील एवं जनहितैषी कार्यशैली के कारण उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान संभव हो पाया है।

