ब्रेकिंग : कानून का रक्षक निकला हैवान! दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोपों में घिरा आरक्षक फरार, जशपुर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी, डीआईजी व एसएसपी जशपुर ने घोषित किया नकद इनाम

ब्रेकिंग : कानून का रक्षक निकला हैवान! दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोपों में घिरा आरक्षक फरार, जशपुर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी, डीआईजी व एसएसपी जशपुर ने घोषित किया नकद इनाम

जशपुर : जिले में कानून के रखवाले पर ही कानून की धज्जियां उड़ाने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कांसाबेल थाने में पदस्थ एक आरक्षक (कांस्टेबल) पर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने, आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का संगीन आरोप लगा है। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी आरक्षक गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा है।

अब इस मामले में जशपुर पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए फरार आरोपी की सूचना देने वाले को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने बीती २४ अप्रैल २०२६ को थाना कांसाबेल में एक लिखित आवेदन पेश किया था। पीड़िता का आरोप है कि कांसाबेल थाने में पदस्थ आरक्षक रूद्रमणी यादव ने उसके साथ दुष्कर्म (बलात्कार) किया और उसे आर्थिक व मानसिक रूप से गंभीर रूप से प्रताड़ित किया।

महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ अपराध क्रमांक 67/2026 दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा ३७६(२)(एन), ३७६(२)(क)(१), ३१३, २९४, ५०६(बी) के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (SC/ST Act) की कड़े प्रावधानों (धारा 3(2)(v), 3(1)(ब)(i)) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस की लगातार छापेमारी, आरोपी का सुराग देने वाले को मिलेगा इनाम

मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी आरक्षक रूद्रमणी यादव (निवासी: ग्राम टांगरडीह, थाना बगीचा, जिला जशपुर) गिरफ्तारी के डर से अपने निवास स्थान और रिश्तेदारों के घर से फरार है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस रेगुलेशन के पैरा क्रमांक- 80-ए के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ₹2,000/- (दो हजार रुपये) के इनाम की उद्घोषणा जारी की है।

पुलिस का आश्वासन: “सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।”

इन नंबरों पर दें आरोपी की जानकारी (संपर्क सूत्र):

यदि किसी भी नागरिक को इस फरार आरोपी आरक्षक के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है, तो वह सीधे जशपुर पुलिस के इन नंबरों पर संपर्क कर सकता है:

आरोपी से संबंधित जानकारी मिलने पर नागरिक निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—

  • पुलिस अधीक्षक, जशपुर : 94791-93600
  • अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जशपुर : 94791-93601
  • एसडीओपी, कुनकुरी : 94791-93604
  • अजाक/क्राइम शाखा : 94791-93606
  • पुलिस कंट्रोल रूम, जशपुर : 94791-93699
  • थाना प्रभारी, कांसाबेल : 94791-93612

यह आदेश कार्यालय पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला जशपुर द्वारा जारी किया गया है, जिसकी प्रतियां छत्तीसगढ़ के आला पुलिस अधिकारियों सहित पड़ोसी राज्यों (झारखंड के गुमला/सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़) की पुलिस को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।

Breaking Crime Jashpur