ग्राम रनपुर में प्रशासन की सक्रिय पहल : माटीकला बोर्ड अध्यक्ष और कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार व्यवस्था का किया निरीक्षण
अतिक्रमण हटाने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
जशपुर : छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने गुरुवार को ग्राम रनपुर का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थाओं एवं सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार व्यवस्था एवं स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ग्रामीणों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि ग्राम स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बाजार व्यवस्था को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें और गांव को व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। निरीक्षण के दौरान गांव के सरपंच, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
स्कूल परिसर में अतिक्रमण हटाने पर जोर –
कलेक्टर ने सबसे पहले रनपुर में हाईस्कूल परिसर का अवलोकन किया, जहां उन्होंने बाउंड्री वाल निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर का सीमांकन कर पर्याप्त भूमि सुरक्षित की जाए, ताकि बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं खेल मैदान उपलब्ध हो सके। इससे विद्यार्थियों का भविष्य बेहतर होगा और उन्हें समुचित सुविधाएं मिल सकेंगी।
बाजारडांड का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश –
इसके पश्चात कलेक्टर श्री व्यास ने गांव के बाजारडांड का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण बाजार क्षेत्र संकरा हो गया है, जिससे आवागमन एवं व्यापार में समस्या होती है। इस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को आपसी सहमति से अतिक्रमण हटाने की पहल करने को कहा। उन्होंने सुझाव दिया कि गांव के हित में सामंजस्य बनाकर बाजार क्षेत्र का व्यवस्थित विकास किया जाए। कलेक्टर ने सामुदायिक शौचालय की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, बाजार परिसर को स्वच्छ रखने तथा पंचायत द्वारा निर्मित दुकानों का मासिक किराया नियमित रूप से वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आय का उपयोग पंचायत के विकास कार्यों में किया जा सकता है। साथ ही एसडीएम को बाजार क्षेत्र का सीमांकन कर निर्धारित क्षेत्र चिन्हित करने के निर्देश दिए, जिससे बाजार लगाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।
स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा –
कलेक्टर ने रनपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, मासिक प्रसव प्रकरण, दवा वितरण, उपलब्ध उपकरण, स्टोर रूम, पीएनसी कक्ष एवं पुरुष-महिला वार्ड का अवलोकन किया। उन्होंने संस्थागत प्रसव दर बढ़ाने पर जोर देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उनके हालचाल जाना और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे अस्पताल परिसर में ही निवास कर गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं प्रदान करें, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
पशु औषधालय एवं आयुर्वेदिक केंद्र का निरीक्षण –
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गांव में स्थित पशु औषधालय का भी जायजा लिया। जहां उन्होंने पशु उपचार, औषधि वितरण, टीकाकरण एवं बधियाकरण की जानकारी ली। उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद आयुर्वेद औषधालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने ओपीडी, दवा उपलब्धता एवं स्टाफ उपस्थिति की जानकारी ली और नियमित सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

