रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चोरी के बाद जेवर गलाकर मिटा रहे थे सबूत ! लाखों के जेवर बरामद, रायगढ़ में शातिर गिरोह का भंडाफोड़, सूने मकानों में सेंध लगाने वाला चोर गिरोह गिरफ्तार.

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चोरी के बाद जेवर गलाकर मिटा रहे थे सबूत ! लाखों के जेवर बरामद, रायगढ़ में शातिर गिरोह का भंडाफोड़, सूने मकानों में सेंध लगाने वाला चोर गिरोह गिरफ्तार.

रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई करते हुए चक्रधरनगर पुलिस ने सूने मकान में ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, नगदी रकम, घटना में प्रयुक्त वाहन तथा अन्य सामग्री बरामद की है।

प्रार्थी संतोष कुमार देवांगन, निवासी विनोबा नगर, चक्रधरनगर द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 08 मई को वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रिश्तेदारी में गया था। घर सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, कमरे की खिड़की और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरातों की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 224/2026 धारा – 331(4), 305(ए), बी.एन.एस. पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार करते हुए चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों के मेमोरेंडम पर सोना जैसा धातु, चांदी जैसे गलाए हुए टुकड़े, नगदी रकम, टूटा हुआ ताला, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन क्रमांक टीवीएस एनटॉरक स्कूटी और एक्टीवा वाहन CG 13 BL 4874 तथा चोरी के सामान को गलाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस कार्रवाई के डर से चोरी किए गए कुछ सोने के आभूषणों को गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया तथा कुछ सामान केलो नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। मामले में संगठित रूप से अपराध करना और साक्ष्य विलोपित करने के पर्याप्त प्रमाण मिलने पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं धारा 112, 3(5), 238 बी०एन०एस० जोड़ी गई हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

1. रोशन सिंह, निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़

2. शिवा सोनी, निवासी विजयपुर, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़

3. धरमदास महंत उर्फ प्रेम, निवासी पंजरीप्लांट, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़

जब्त सामग्री – सोना-चांदी जैसा धातु, नगदी रकम, टूटा ताला, टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, एक्टिवा वाहन तथा धातु गलाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद।

Crime