बगीचा में सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट जागरूकता बाइक रैलीकाआयोजन, सैकड़ों लोगों ने हेलमेट पहनकर दिया जागरूकता का संदेश
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह के नेतृत्व में निकली विशाल रैली, यातायात नियमों के पालन का दिलाया गया संकल्प
जशपुर : सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत बगीचा नगर में आज एक विशाल एवं ऐतिहासिक बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस जागरूकता रैली में पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैकड़ों लोगों ने हेलमेट पहनकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से बाइक रैली निकालते हुए आमजन को यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीएम बगीचा प्रदीप राठिया, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, डीएसपी ट्रैफिक के.आर. चौहान, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, पार्षद एल.आर. चौहान एवं संतोषी नागेश सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, यातायात स्टाफ, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
रैली का शुभारंभ हाई स्कूल ग्राउंड बगीचा से किया गया, जो मुख्य मार्ग, थाना रोड, बस स्टैंड, तहसील चौक, रौनी रोड, नहर पारा एवं कुरुमकेला होते हुए पुनः हाई स्कूल ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने एवं दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की अपील की। उन्होंने नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं, जो हेलमेट नहीं पहनने से होती हैं। हेलमेट केवल औपचारिकता के लिए नहीं बल्कि सही तरीके से बांधकर पहनना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता जा रहा है, इसलिए सभी नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने की अपील की। साथ ही लोगों से अपने परिवार एवं परिचितों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो संदेश जारी कर हेलमेट पहनने एवं यातायात नियमों के पालन का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
जशपुर पुलिस की आम नागरिकों से अपील :-यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की पहचान है। जागरूकता ही बचाव है।

