जमीन संबंधी शिकायतों पर प्रशासन सख्त
जशपुर कलेक्टर ने पत्थलगांव प्रकरण की जांच हेतु जिला स्तरीय समिति गठित की
7 दिवस में रिपोर्ट देने के निर्देश, तथ्यों की बिंदुवार होगी जांच
जशपुर : पत्थलगांव क्षेत्र में जमीन संबंधी शिकायतों के संबंध में जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जमीन की अनियमितता के संबंध में समाचार पत्र में उल्लेखित तथ्यों की विस्तृत जांच के लिए जिला स्तरीय जांच समिति का गठन किया है। जारी आदेश के अनुसार जांच समिति में डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुमार कुशवाहा को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति में सदस्य के रूप में तहसीलदार पत्थलगांव श्रीमती जयश्री राजनपथे, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख/प्रभारी नायब तहसीलदार कुनकुरी श्री विष्णु गुप्ता तथा राजस्व निरीक्षक भू-अभिलेख जशपुर श्री विनीत कुमार तिग्गा को शामिल किया गया है। कलेक्टर श्री व्यास ने समिति को निर्देशित किया है कि समाचार में उल्लेखित सभी तथ्यों एवं शिकायतों की बिंदुवार जांच करते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन 7 दिवस के भीतर प्रस्तुत किया जाए। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों, नामांतरण प्रक्रियाओं तथा भूमि अभिलेखों की गहन समीक्षा की जाएगी, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच पर जोर –
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि आदिवासी भूमि से संबंधित मामलों में शासन के प्रावधानों का पूर्ण पालन हो।
आमजन के विश्वास को बनाए रखने की पहल –
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई को आमजन के विश्वास को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यों के आधार पर की जाएगी, जिससे वास्तविक स्थिति सामने आ सके और न्यायसंगत निर्णय लिया जा सके।

