जशपुर में पुलिस का सख्त फरमान ! बिना ऑनलाइन एंट्री ठहराने पर होगी कड़ी कार्रवाई, होटल-लॉज संचालक रहें सतर्क, संदिग्ध मेहमान छिपाना पड़ सकता है भारी !

जशपुर में पुलिस का सख्त फरमान ! बिना ऑनलाइन एंट्री ठहराने पर होगी कड़ी कार्रवाई, होटल-लॉज संचालक रहें सतर्क, संदिग्ध मेहमान छिपाना पड़ सकता है भारी !

जिले में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के द्वारा होटल एवं लॉज संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित इस बैठक में जिले के विभिन्न होटल एवं लॉज संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के द्वारा स्पष्ट निर्देशित किया गया कि होटल एवं लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही सभी हॉटल लॉज संचालकों को छत्तीसगढ़ पुलिस की समाधान मोबाइल ऐप में अपनी आईडी जनरेट करना व आगंतुकों की जानकारी समाधान मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य रहेगा।

पुलिस कप्तान ने होटल संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि बिना वैध पहचान-पत्र एवं बिना ऑनलाइन आईडी एंट्री के किसी भी व्यक्ति को ठहराए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि अथवा बिना वैध दस्तावेज के ठहरने वाले लोगों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक के दौरान होटल लॉज संचालकों को अपने परिसर में पर्याप्त सी सी टी व्ही की व्यवस्था तथा अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था हेतु भी निर्देशित किया गया।

Jashpur