सही दवा शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जशपुर : “सही दवा – शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत नारकोटिक एवं एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
“सही दवा – शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार” जनजागरूकता अभियान के 12वें दिन औषधि विभाग जशपुर की टीम द्वारा स्वापक एवं मनःप्रभावी औषधियों (नारकोटिक दवाओं) तथा एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जशपुर जिले के शासकीय राम भजन राय N.E.S. पी.जी. कॉलेज एवं शासकीय GNM प्रशिक्षण संस्थान, जशपुर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों को बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस की बढ़ती समस्या तथा नारकोटिक दवाओं के दुरुपयोग से होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से दवाओं का उपयोग केवल पंजीकृत चिकित्सक की सलाह पर करने एवं निर्धारित मात्रा एवं अवधि तक ही सेवन करने की अपील की गई।
जागरूकता कार्यक्रम में सहायक औषधि नियंत्रक पीताम्बर साहू, औषधि निरीक्षक योगेश परस्ते एवं तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. अबरार उपस्थित रहे। टीम द्वारा विद्यार्थियों को नशा एवं दवा दुरुपयोग से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने भी दवाओं के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त कर जनजागरूकता फैलाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

