“ऑपरेशन शंखनाद” की गूंज : जशपुर पुलिस ने तस्करी से बचाए 5 गौ-वंश, वाहन जब्त, गौ तस्करी का फरार आरोपी भी गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर.

“ऑपरेशन शंखनाद” की गूंज : जशपुर पुलिस ने तस्करी से बचाए 5 गौ-वंश, वाहन जब्त, गौ तस्करी का फरार आरोपी भी गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर.

जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के विरूद्ध जशपुर पुलिस का विशेष अभियान, ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है, जिसके अंतर्गत पुलिस लगातार गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में दिनांक 07 मई 2026 को जशपुर पुलिस को थाना लोदाम क्षेत्र से एक टाटा सुमो वाहन से तस्करी कर ले जा रहे, 05 नग गौ-वंशों को बचाने में सफलता मिली है, वहीं एक अन्य मामले में गौ तस्करी के फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार इस प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 07 मई 2026 की प्रातः करीबन 05:30 बजे थाना लोदाम पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक टाटा सुमो गोल्ड वाहन में पीछे की सीट को निकाल कर, उसमें गौ-वंशों को बेरहमी पूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरा गया है। जिसे कि कुछ व्यक्ति लोदाम होते हुए, झारखंड की ओर ले जा रहे हैं, जिस पर लोदाम पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, आरटीओ बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जशपुर की ओर से एक संदिग्ध टाटा सुमो गोल्ड वाहन क्रमांक CG -07-AN-1089 आता दिखाई देने पर, पुलिस टीम के द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया, परंतु संदिग्ध वाहन के चालक के द्वारा, वाहन को न रोककर तेजी से भगाया जाने लगा, जिस पर पुलिस की टीम के द्वारा संदिग्ध टाटा सुमो गोल्ड वाहन का पीछा किया जा रहा था। कुछ दूरी जाकर ग्राम पीड़ी मार्ग में झाबू नदी पुल के पास, संदिग्ध टाटा सुमो वाहन का चालक, व उसमें बैठे अन्य संदिग्ध पुलिस को पीछा करते देख वाहन को खड़ी कर, जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गए, पुलिस की टीम जब संदिग्ध टाटा सुमो गोल्ड वाहन के पास पहुंची, तो पाया कि आरोपियों के द्वारा टाटा सुमो गोल्ड वाहन के पीछे बैठने की सीट को निकाल कर उसमें 05 नग गौ-वंशों को ठूंस ठूंस कर भरा गया था, पुलिस ने सभी 05 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद करते हुए, पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। पुलिस फरार आरोपियों की पता साजी कर रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

लोदाम पुलिस के द्वारा एक अन्य गौ तस्करी के मामले में फरार आरोपी को भी ढूंढ कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 12 फरवरी 2026 को लोदाम पुलिस के द्वारा थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोनबीरा के जंगल में एक पिक-अप वाहन क्रमांक JH -07-L -1153 से 12 नग गौ-वंशों को बरामद किया गया था तथा तस्करी के दौरान रेकी कर रहे एक वैगनआर कार JH -02-U -2163 से दो गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था। प्रकरण का फरार आरोपी चालक महबूब साह उर्फ हगन महबूब उर्फ लकड़ बाबा, जिसे कि पुलिस पुलिस ने घटना दिनांक से ही चिन्हित कर लिया था, पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि उक्त फरार आरोपी तस्कर महबूब शाह अपने गृह ग्राम साईंटांगर टोली में देखा गया है, जिस पर पुलिस टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, उसके घर की घेराबंदी कर उक्त फरार गौ तस्कर को हिरासत में लिया गया, पुलिस की पूछताछ में आरोपी के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Crime Jashpur