बड़ी प्रशासनिक कवायद: छत्तीसगढ़ में IAS अधिकारियों का व्यापक फेरबदल, अहम विभागों और जिलों में नई नियुक्तियों से विकास को मिलेगी तेज रफ्तार

बड़ी प्रशासनिक कवायद: छत्तीसगढ़ में IAS अधिकारियों का व्यापक फेरबदल, अहम विभागों और जिलों में नई नियुक्तियों से विकास को मिलेगी तेज रफ्तार

छत्तीसगढ़ शासन में भारी प्रशासनिक फेरबदल: अपर मुख्य सचिवों से लेकर कलेक्टरों तक की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव

रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने आज राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बड़ी सर्जरी करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों की एक व्यापक तबादला सूची जारी की है । इस बड़े फेरबदल में अपर मुख्य सचिव (ACS), प्रमुख सचिव और कई जिलों के कलेक्टरों के प्रभार बदले गए हैं । शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, श्रीमती ऋचा शर्मा (1994) को अब अपर मुख्य सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है । वहीं, गृह एवं जेल विभाग के अपर मुख्य सचिव रहे श्री मनोज कुमार पिंगुआ (1994) अब वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की कमान संभालेंगे । मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह (1997) को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है ।

इस प्रशासनिक फेरबदल में श्रीमती निहारिका बारिक (1997) को प्रमुख सचिव, गृह एवं जेल विभाग पदस्थ किया गया है, जबकि श्रीमती शहला निगार (2001) को महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी मिली है । वित्त विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब डॉ. रोहित यादव (2002) संभालेंगे, जो जनसंपर्क विभाग का प्रभार भी देखते रहेंगे । शिक्षा और कृषि क्षेत्रों में भी बड़े बदलाव हुए हैं; डॉ. कमलप्रीत सिंह (2002) को स्कूल शिक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि श्री परदेशी सिद्धार्थ कोमल (2003) अब कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव और कृषि उत्पादन आयुक्त होंगे ।

राजस्व और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सुश्री शम्मी आबिदी (2007) को सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग बनाया गया है । वहीं, राजधानी रायपुर के प्रशासनिक ढांचे में भी बदलाव हुआ है, जहां श्री श्याम लाल धावड़े (2008) को नया संभाग आयुक्त नियुक्त किया गया है । नगर निगम रायपुर की जिम्मेदारी अब श्री संबित मिश्रा (2018) के पास होगी, जबकि यहां के पूर्व आयुक्त श्री विश्वदीप (2019) को बीजापुर का कलेक्टर बनाया गया है ।

जिलों की कमान में हुए बदलावों के तहत सुश्री पुष्पा साहू को कोरिया, श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी को बलरामपुर-रामानुजगंज, डॉ. संतोष कुमार देवांगन को गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, और सुश्री रेना जमील को सूरजपुर का कलेक्टर नियुक्त किया गया है । इसके अलावा, श्री पदुम सिंह एल्मा को आबकारी आयुक्त और श्री डी. राहुल वेंकट को आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास के पद पर नई पदस्थापना दी गई है । शासन का यह कदम प्रशासनिक कसावट लाने और विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है ।

Breaking Chhattisgarh