रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन : गांजा तस्कर से लेकर शराब माफिया तक पर कसी नकेल, ऑपरेशन आघात में 6 किलो गांजा और सैकड़ों पाव शराब जब्त, कई आरोपी गिरफ्तार.

रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन : गांजा तस्कर से लेकर शराब माफिया तक पर कसी नकेल, ऑपरेशन आघात में 6 किलो गांजा और सैकड़ों पाव शराब जब्त, कई आरोपी गिरफ्तार.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थों और अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 04 मई 2026 को साइबर थाना और पुसौर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गांजा और  शराब के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की गई, वहीं तमनार और छाल पुलिस ने भी अलग-अलग कार्रवाई कर शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।  पुलिस की कार्रवाई में कुल 6 किलो गांजा, 259 पाव देशी प्लेन शराब और 31 लीटर महुआ शराब की जप्ती की गई है । आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है ।

थाना पुसौर और साइबर थाना की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुसौर सोढापाठ मंदिर के पास एक व्यक्ति अपने पान ठेला के पीछे गांजा बिक्री के लिए छिपाकर रखा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां आरोपी गुलाब यादव को संदिग्ध गतिविधि करते पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से अलग-अलग पैकेटों में कुल 6.200 किलोग्राम गांजा कीमत करीब ₹62,000 बरामद किया गया। आरोपी ने स्वयं आर्थिक लाभ अर्जित करने हेतु ओडिसा राज्य में गांजा सस्ता कीमत पर मिलने से अंजान व्यक्तियो से मादक पदार्थ गांजा को खरीद कर लाना एवं बिक्री करना बताया। गुलाब यादव पिता स्व0 नान्हु यादव उम्र 55 वर्ष साकिन पुसौर बस स्टैंड के कृत्य पर थाना पुसौर में आरोपी के विरूद्ध 20बी एनडीपीएस एक्ट कार्यवाही की गई है ।

गांजा कार्रवाई के दौरान ही पुलिस को सूचना मिली कि सोढापाठ मंदिर के पास झाड़ियों में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है। तत्काल रेड कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी दीपेश ठाकुर को मौके से पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 259 पाव देशी प्लेन शराब कुल 46 लीटर 620 एमएल कीमत करीब ₹20,720 बरामद की गई। आरोपी दीपेश ठाकुर पिता शिवप्रसाद ठाकुर उम्र 34 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 01 बोरोडीपा पुसौर थाना पुसौर  के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया।

थाना तमनार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम महलोई चौहानपारा में अवैध शराब बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पूछताछ में महिला आरोपिया रजनी चौहान पति आनंदराम चौहान उम्र 42 वर्ष सा. ग्राम महलोई चौहानपारा ने शराब बिक्री करना स्वीकार किया और अपने घर के बाड़ी में छिपाकर रखी 12 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमत ₹2,400 बरामद कराई। महिला के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। 

थाना छाल पुलिस ने पिछले दो दिनों में लगातार दो कार्रवाई करते हुए ग्राम ऐडूकला में महिला आरोपिया तुलेश्वरी यादव को उसके बाड़ी से 9 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। महिला पर धारा 34 (2), 59 (क) आबकारी एक्ट की कार्रवाई की गई है।

वहीं पूर्व के आबकारी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी प्रदीप कुमार बेहरा को भी पुलिस ने मुखबिर सूचना पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। ज्ञात हो कि छाल पुलिस ने दिनांक 23 मार्च 2026 छाल पुलिस द्वारा शराब रेड की बड़ी कार्रवाई कर ग्राम बेहरामार में आरोपी प्रदीप कुमार बेहरा के घर रेड कार्यवाही किया गया था, जिसके दौरान आरोपी प्रदीप बेहरा घर से फरार हो गया था। उसके साथ शराब बनाने और बेचने में सहयोगी रहे आरोपी जयपाल राठिया को मौके पर पकड़ा गया था, जिसे अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 34 (2), 59 (क) आबकारी एक्ट में रिमांड पर भेजा गया था, मामले का मुख्य आरोपी प्रदीप बेहरा फरार था।

उक्त आबकारी एक्ट के मामले में फरार आरोपी प्रदीप बेहरा के उसके घर पर होने की सूचना पर पुलिस द्वारा मौके पर जाकर रेड कार्रवाई किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी प्रदीप बेहरा गांव आकर फिर से लुक छिप कर शराब बेचने लगा है। आरोपी से शराब बिक्री करने के संबंध में पूछताछ करने पर ग्राम बेहरामार सिंह ढाबा के पास रोड किनारे झाडियों में छुपाकर रखना बताया, जिसे उसके मेमोरेंडम पर 10 लीटर अवैध महुआ शराब कीमत 2000/- रूपये की जप्ती की गई है। आरोपी प्रदीप कुमार बेहरा पिता स्व. लक्ष्मीनारायण बेहरा उम्र 38 साल साकिन बेहरामार थाना छाल जिला रायगढ़ छ.ग. को पूर्व में अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 34 (2)59 (क) आबकारी एक्ट में गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।

सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में नशे और अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। 

Crime