सायलेंट 777 ऐप के माध्यम से अवैध रूप से आईपीएल क्रिकेट सट्टा संचालन करते चार आरोपियों को पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया
आरोपियों के कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त 04 मोबाइल एवं नगदी कुल 73,000/- रुपये जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की गई
आरोपियों द्वारा लगभग 15 दिनों से ऑनलाइन लिंक खरीदकर आईपीएल मैचों में दांव लगाना एवं खिलाना स्वीकार किया गया
प्रकरण में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया
दुर्ग : आईपीएल के रोमांच के बीच ऑनलाइन सट्टेबाजी का काला खेल भी तेजी से फैल रहा है, लेकिन दुर्ग पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर इस नेटवर्क को बेनकाब कर दिया। पाटन क्षेत्र में “सायलेंट 777” ऐप के जरिए चल रहे ऑनलाइन सट्टा रैकेट पर पुलिस ने घेराबंदी कर बड़ी कार्रवाई की, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और नगदी सहित हजारों रुपये जब्त किए गए। यह कार्रवाई ऑनलाइन जुआ के खिलाफ पुलिस की सख्ती और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
दिनांक 04 मई 2026 को थाना पाटन क्षेत्र अंतर्गत मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बाजार चौक पाटन में कुछ व्यक्तियों द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैचों पर अवैध रूप से रुपये-पैसे का दांव लगाकर सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर थाना पाटन एवं एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई एवं चार संदेहियों को पकड़ा गया।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन की जांच करने पर सायलेंट 777 ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलना एवं खिलाना पाया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा लगभग 15 दिन पूर्व एप का लिंक खरीदकर आईपीएल सट्टा संचालन करना स्वीकार किया गया। प्रकरण में अपराध क्रमांक 163/2026 धारा 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
घटना का कारण – अवैध रूप से धन अर्जित करने हेतु ऑनलाइन सट्टा संचालन.
घटनास्थल – बाजार चौक, मछली मार्केट के पास, पाटन, जिला दुर्ग.
आरोपियों का नाम – 1. करन देवांगन, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुभाष चौक पाटन, थाना पाटन दुर्ग, 2. उत्तम निषाद, उम्र 29 वर्ष, निवासी शांति नगर भिलाई-3, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग, 3. गोपाल निषाद, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम अटारी वार्ड नंबर 15, थाना पाटन, जिला दुर्ग, 4. लोकेश उर्फ अरमान यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 15 ग्राम अटारी, थाना पाटन, जिला दुर्ग.
जप्त सामग्री – 1. नगदी रकम 10,000/- रुपये, 2. चार नग मोबाइल फोन कीमत लगभग 63,000/- रुपये, कुल जुमला 73,000/- रुपये.
इस प्रकरण की कार्यवाही में थाना पाटन के थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, एसीसीयू दुर्ग की टीम एवं थाना स्टाफ की संयुक्त टीम की सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील – दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के अवैध सट्टा, जुआ या ऑनलाइन अवैध गतिविधियों में संलिप्त न हों एवं ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

