’‘सही दवा – शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार’ अभियान शुरू, पत्थलगांव में खाद्य-औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई’
15 दिवसीय अभियान- 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक
जशपुर : सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशन में एवं जिला दंडाधिकारी जशपुर के नेतृत्व में जिले में आज से ‘सही दवा – शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। प्रथम दिवस खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान की शुरुआत -पत्थलगांव ब्लॉक- से की।
खाद्य सुरक्षा प्रकोष्ठ द्वारा की गई कार्यवाही
श्री जय बालाजी फन एंड फूड रेस्टोरेंट, बस स्टैंड पत्थलगांव गंदगी और अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी। खोवा और सुहानी नमकीन का नमूना जांच हेतु संकलित किया गया। इसी प्रकार न्यू श्री जय बालाजी रेस्टोरेंट, बस स्टैंड पत्थलगांव से गंदगी मिलने पर नोटिस जारी। लस्सी और काजू के नमूने जांच हेतु भेजे गए। केक टाउन बेकरी, बस स्टैंड पत्थलगांव को साफ-सफाई नहीं मिलने और भारी मात्रा में एक्सपायरी सामान मिलने पर नोटिस। मौके पर लगभग 10 किलोग्राम केक निर्माण में उपयोग होने वाले कच्चे पदार्थ, रंग और जेली नष्ट कराए गए। सेंट्रल रेस्टोरेंट, बस स्टैंड में निरीक्षण कर खाद्य कारोबारी को आवश्यक सुधार के निर्देश। स्ट्रीट फूड वेंडर्स गुपचुप, चाट, नूडल्स, नाश्ता, गन्ना रस, आम रस और फल विक्रेताओं का निरीक्षण। साफ-सफाई, हाइजीन संबंधी जानकारी देकर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए।
औषधि प्रकोष्ठ द्वारा की गई कार्यवाही
अभियान के अंतर्गत कुल 04 कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। 01 कॉस्मेटिक उत्पाद का नमूना परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। एक्सपायर्ड कॉस्मेटिक सामग्री पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को उक्त सामग्री विक्रय क्षेत्र से तत्काल हटाने और नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए गए। यह कार्यवाही उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य व कॉस्मेटिक उत्पाद उपलब्ध कराने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने हेतु की गई।
जिले में यह अभियान आगामी 15 दिवस तक सतत जारी रहेगा
इस कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार श्री भीष्म पटेल और जिला पुलिस बल की टीम मौजूद रही।

