पोषण पखवाड़ा में रेलवे की बड़ी पहल—अजनी में जागरूकता रैली के जरिए कुपोषण के खिलाफ मुहिम तेज, संतुलित आहार पर दिया जोर

पोषण पखवाड़ा में रेलवे की बड़ी पहल—अजनी में जागरूकता रैली के जरिए कुपोषण के खिलाफ मुहिम तेज, संतुलित आहार पर दिया जोर

“दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल का सराहनीय प्रयास – पोषण पखवाड़ा पर जनजागृति अभियान”

“सही पोषण, देश रोशन” – अजनी रेलवे कॉलोनी में पोषण पखवाड़ा के तहत व्यापक जनजागृति रैली का आयोजन

बिलासपुर : 8वें पोषण पखवाड़ा (9 से 23 अप्रैल 2026) के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के स्वास्थ्य केंद्र, अजनी द्वारा व्यापक जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 21 अप्रैल 2026 को डॉक्टर डी. लिखिता के मार्गदर्शन में अजनी रेलवे कॉलोनी में एक विस्तृत जनजागृति रैली का आयोजन किया गया।

इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों के अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना था। रैली में स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों, फार्मासिस्टों एवं अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने “सही पोषण, देश रोशन”, “स्वस्थ बच्चा, सशक्त भारत” जैसे संदेशों के साथ कॉलोनी क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को पोषण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों एवं फार्मासिस्टों द्वारा बच्चों के अभिभावकों को संतुलित आहार, कुपोषण की रोकथाम, स्वच्छता, तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं एवं छोटे बच्चों के लिए आवश्यक पोषण संबंधी सुझाव भी साझा किए गए।

इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर जाकर पाम्पलेट वितरित किए गए, जिनमें पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी, संतुलित आहार की संरचना, तथा दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले सरल एवं उपयोगी उपायों का उल्लेख किया गया था। इस पहल से स्थानीय निवासियों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सकारात्मक प्रभाव देखा गया।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य एवं पोषण के स्तर को बेहतर बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह अभियान “सही पोषण, देश रोशन” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Chhattisgarh