ऑपरेशन शंखनाद का असर : सुबह 4:30 बजे हाईवे पर एक्शन, जशपुर पुलिस ने ट्रक से 38 गौ-वंशों को कराया मुक्त, गौ तस्करी में इस्तेमाल ट्रक जब्त, आरोपी फरार, पुलिस कर रही है पतासाजी.

ऑपरेशन शंखनाद का असर : सुबह 4:30 बजे हाईवे पर एक्शन, जशपुर पुलिस ने ट्रक से 38 गौ-वंशों को कराया मुक्त, गौ तस्करी में इस्तेमाल ट्रक जब्त, आरोपी फरार, पुलिस कर रही है पतासाजी.

जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है। पुलिस लगातार गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है, इसी क्रम में दिनांक 18 अप्रैल 2026 को जशपुर पुलिस को थाना कांसाबेल क्षेत्र में गौ तस्करी कर रहे एक ट्रक से 38 नग गौ-वंशों को मुक्त कराने में सफलता मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 18 अप्रैल 2026 की प्रातः करीबन 04:30 बजे थाना कांसाबेल पुलिस को मुखबीर से पुख़्ता सूचना मिली थी कि एक ट्रक क्रमांक JH -02-BM -4221 में भारी मात्रा में गौ-वंशों को भर कर पत्थलगांव कांसाबेल की ओर से नेशनल हाइवे 43 पर ले जाया जा रहा है। जिस पर थाना कांसाबेल की पुलिस टीम के द्वारा मुखबीर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल बेला घाट में नाकाबंदी की गई थी।

इसी दौरान संदिग्ध ट्रक आता दिखाई देने पर पुलिस के द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर संदिग्ध ट्रक का चालक गाड़ी को न रोक कर, तेजी से वाहन भगाने लगा, पुलिस की टीम के द्वारा संदिग्ध ट्रक का पीछा किया जा रहा था, पुलिस को पीछा करते देख संदिग्ध ट्रक का चालक रास्ते में आगे ग्राम नारायणबहली में रोड किनारे ट्रक को छोड़ कर, जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गया। पुलिस की टीम के द्वारा जब ट्रक के पास पहुंचकर, ट्रक की तलाशी ली गई, तब उसके ट्रॉली को भूरे रंग की त्रिपाल से ढंक कर रखा गया था। पुलिस ने त्रिपाल को हटाकर देखा तो पाया कि उसमें 38 नग गौ-वंशों को ठूंस-ठूंस कर बेरहमी पूर्वक भरा गया था। पुलिस ने सभी 38 नग गौ-वंशों को गवाहों के समक्ष सकुशल बरामद कर लिया है व गौ-वंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है तथा ट्रक क्रमांक JH -02-BM -4221 को भी पुलिस के द्वारा जप्त कर लिया गया है।

मामले में पुलिस के द्वारा थाना कांसाबेल में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।

पुलिस जप्त किए गए ट्रक के आधार पर मामले में विवेचना कर रही है, मामले से जुड़े गौ तस्करों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

Crime Jashpur