कुनकुरी : दो चरणों में होने वाले भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण का प्रशिक्षण आरंभ हुआ। आत्मानंद विद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण में आज तहसील कुनकुरी क्षेत्र के जनगणना कार्य में नियोजित प्रगणक और पर्यवेक्षक शामिल हुए।
भारत की जनगणना 2027 का के कार्य का आगाज आज प्रशिक्षण के साथ हो चुका है। जनगणना का कार्य 2 चरणों, मई 2026 एवं फरवरी 2027 में किया जाना है। प्रथम चरण के अन्तर्गत 1 मई 2026 से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाना है।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए चार्ज अधिकारी द्वारा बताया गया कि ग्रामीण चार्ज कुनकुरी में जनगणना के कुल 160 गणना ब्लॉक हैं, जिसमें कार्य करने के लिए 148 प्रगणक, रिजर्व प्रगणक 15 कुल 163 प्रगणकों तथा 25 पर्यवेक्षकों, 3 रिजर्व कुल 28 पर्यवेक्षकों को लगाया गया है; जिनका प्रशिक्षण 3 चरणों में 15 से 17, 18 से 20 एवं 22 से 24 अप्रैल तक स्थानीय शासकीय पीएमश्री आत्मानंद स्कुल सलियाटोली, कुनकुरी में आयोजित किया गया है। आज प्रथम चरण के प्रशिक्षण में कुल 87 प्रगणकों एवं 13 सुपरवाईजर में प्रशिक्षण लिया है।

प्रथम चरण के प्रशिक्षण के लिए 4 फील्ड ट्रेनर को लगाकर 2 कक्षों में ट्रेनिंग को करवाया जा रहा है; जिसमें भोजन की भी व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण के अंत में प्रशिक्षार्थियों को फील्ड में ले-जाकर प्रायोगिक कार्य को करके दिखाया भी जाएगा। इस बार का जनगणना अपने आप में नया और सबके लिए समावेशी है, क्योंकि इसमें आम जनता को भी 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना करने का भी अवसर दिया जाएगा, जो एप्प के माध्यम से होगा, डिजिटल माध्यम से जनगणना होने के कारण इस बार के जनगणना के कार्य बड़ी तेजी से पूरे होंगे।
अनुविभागीय जनगणना अधिकारी द्वारा समाचार पत्र के माध्यम से लोगों से अपील की गई है कि इसबार की जनगणना में दिये गये सुविधा स्व-गणना का पूर्ण उपयोग करें, और स्व-गणना से प्राप्त पावती नंबर को सुरक्षित रखें तथा जब प्रगणक आपके पास जनगणना के लिए आएं तो उन्हे यह नंबर बताकर उनकी सहायता करें। जनगणना की जानकारियां पूरी तरह गोपनीय है, और यह भविष्य में देश के विकास की योजनाओं को तैयार करने में शासन की मदद करेगी। किसी भी मदद के लिए कुनकुरी में स्थापित नियंत्रण 07764-296765 से संपर्क करें या कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

