एक पल की लापरवाही, जिंदगी भर का पछतावा: रेलवे ट्रैक पर सेल्फी, घूमना और पार करना बन रहा मौत का न्योता, प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनी

एक पल की लापरवाही, जिंदगी भर का पछतावा: रेलवे ट्रैक पर सेल्फी, घूमना और पार करना बन रहा मौत का न्योता, प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनी

रेलवे ट्रैक पार करना, बैठना, घूमना व सेल्फी लेना है जानलेवा, कृपया अपनी जान जोखिम में न डालें

बिलासपुर : मंडल रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे ट्रैक पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना एवं अनावश्यक जोखिम से बचाना है।

रेलवे द्वारा आम जनता से अपील की जा रही है कि वे रेलवे पटरी को पार करने, उस पर बैठने, घूमने अथवा सेल्फी लेने जैसी असुरक्षित गतिविधियों से दूर रहें। यह न केवल अत्यंत खतरनाक है, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी है। ट्रेनों की तेज गति और उनकी अचानक उपस्थिति के कारण इस प्रकार की लापरवाही गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।

यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुरक्षित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही आम लोगों के सुरक्षित आवागमन हेतु ओवरब्रिज/अंडरब्रिज की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है | कृपया ट्रैक पार करने के लिए केवल इन निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें।

रेलवे द्वारा इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं साथ ही सभी स्टेशनों में अनाउंसमेंट के जरिए रेलवे ट्रैक पार न करने के लिए सुरक्षा संदेश, सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर जागरूकता संदेशों का भी प्रसार नियमित रूप से किया जा रहा है | रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं संरक्षा विभाग के कर्मचारियों द्वारा सतर्कता अभियान भी चलाया जा रहा है |

हाल के दिनों में कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में लोगों द्वारा लापरवाहीपूर्वक ट्रैक पार करने या पटरी पर बैठने के कारण जानमाल की हानि हुई है। इन घटनाओं से सीख लेते हुए यह आवश्यक है कि हम सभी मिलकर सुरक्षा नियमों का पालन करें।

रेलवे प्रशासन सभी नागरिकों से पुनः अपील करता है कि जीवन बहुमूल्य है । स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी रेलवे ट्रैक सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

Chhattisgarh