छेड़छाड़ के आरोपी पर पुलिस की सख्ती : रायगढ़ में महिला थाना की त्वरित कार्रवाई, युवती से बदसलूकी करने वाला आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे, 24 घंटे में गिरफ्तारी, फरार साथी की तलाश तेज.

छेड़छाड़ के आरोपी पर पुलिस की सख्ती : रायगढ़ में महिला थाना की त्वरित कार्रवाई, युवती से बदसलूकी करने वाला आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे, 24 घंटे में गिरफ्तारी, फरार साथी की तलाश तेज.

रायगढ़ : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती अब सिर्फ बयान नहीं, बल्कि ज़मीन पर दिखने वाली कार्रवाई बनती जा रही है। रायगढ़ में छेड़छाड़ की एक गंभीर घटना के बाद महिला थाना ने जिस तेजी से कदम उठाया, उसने साफ कर दिया है कि अपराधियों के लिए अब कोई राहत नहीं है। 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी और फरार आरोपी की तलाश—न्याय व्यवस्था की तत्परता और सख्त संदेश दोनों को सामने लाता है।

महिला थाना रायगढ़ द्वारा युवती से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पीड़ित युवती, जो रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर सेल्स गर्ल का कार्य करती है, ने दिनांक 29 मार्च 2026 को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 26 फरवरी 2026 की रात ड्यूटी समाप्त कर अपने परिचित के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी। रास्ते में देवांगन धर्मशाला के पास रात लगभग 10:00 बजे राशन लेने के लिए रुकी, तभी बाटली खान अपने साथी प्रशांत सोनी के साथ वहां आया और युवती को घूरते हुए उसके बाल खींचे तथा बुरी नीयत से छेड़-छाड़ की। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने विवाद करते हुए बहस की। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवती अस्वस्थ होने के कारण अपने गांव चली गई थी और 29 मार्च को रायगढ़ लौटने पर रिपोर्ट दर्ज कराई।

महिला थाना में अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की गई। डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी प्रशांत सोनी (24 वर्ष), निवासी चांदनी चौक, थाना कोतवाली रायगढ़ को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी बाटली खान के साथ मिल कर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को 30 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

फरार आरोपी की तलाश जारी – मामले में दूसरा आरोपी बाटली खान अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और शीघ्र गिरफ्तारी की संभावना है।

Crime