पत्नी की हत्या कर चौकी में रिपोर्ट करने वाला पति की निकला आरोपी.
चौकी सलका-उमेश्वरपुर पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपी पति को किया गिरफ्तार.
सूरजपुर : सूरजपुर में एक चौंकाने वाला हत्याकांड सामने आया, जहां पत्नी की मौत को पहले संदिग्ध बताने वाला पति ही उसका कातिल निकला। पुलिस की सतर्क जांच और बारीकी से पूछताछ ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। घरेलू विवाद और चरित्र शंका के चलते हुई इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर रिश्तों के पीछे छिपे खौफनाक सच को उजागर कर दिया है। आरोपी ने खुद को बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसका सच सामने आ गया।
दिनांक 04 मार्च 2026 को ग्राम तारकेश्वरपुर निवासी अलमा प्रजापति ने चौकी सलका उमेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 03 मार्च 2026 को सुबह अपने पड़ोसी के साथ सामान लेने कार से खडगवां रतनपुर गया था, घर में इसकी पत्नी लीलावती अकेली थी, बैकुंठपुर तरफ से रात्रि में वापस घर पहुंच कर देखा कि इसकी पत्नी लीलावती पलंग के नीचे जमीन पर मुंह के बल लेटी थी यह सोचा कि शराब के नशे में जमीन तरफ मुंह के बल लेटी है, पहले इसी तरह जमीन पर लेट जाती थी यह सोचकर नहीं उठाया, दिनांक 04 मार्च 2026 की सुबह अपनी पत्नी को उठा कर देखा तो उसकी मृत्यु हो गई थी। जिसके चेहरे चोट लगा था। घटना कि जानकारी पड़ोसियों व रिश्तेदारों में दिया हूँ। पत्नी की मृत्यु अज्ञात कारणों से होने की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच में लिया गया।
मर्ग जांच में यह बात सामने आई कि अलमा प्रजापति दूसरी महिलाओं से बातचीत करता था, जिसके कारण उसकी पत्नी लीलावती उसके चरित्र पर शंका कर बातचीत करने से मना करती थी, जिससे दोनों में झगड़ा विवाद होता था और अलमा अपनी पत्नी को मारपीट भी करता था। मृतिका के पीएम रिपोर्ट व मर्ग जांच उपरान्त मामले में अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
मामले की सूचना पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने हत्या का खुलासा कर आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। एसडीओपी प्रेमनगर बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में चौकी सलका उमेश्वरपुर पुलिस के द्वारा पाए गए तथ्यों के आधार पर संदेही अलमा प्रजापति को तलब कर बारीकी से पूछताछ किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी दूसरी महिलाओं से बातचीत करने का आरोप लगाकर झगड़ा विवाद करती थी, मना करने पर भी नहीं मानती थी। दिनांक घटना 03 मार्च 2026 के रात्रि में बैकुंठपुर तरफ से घर आने पर पत्नी द्वारा पुनः इसके चरित्र पर शंका कर झगड़ा विवाद करने से आक्रोशित होकर हाथ-पैर, प्लास्टिक पाइप, चाकू से मारपीट कर उसकी हत्या कर दिया। पत्नी की हत्या के मामले में फंसने से बचने के लिए दिनांक 04 मार्च 2026 को चौकी जाकर मनगढ़ंत रिपोर्ट लिखवाना बताया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, पाइप जप्त कर आरोपी अलमा प्रजापति पिता स्व. पीलाराम उम्र 54 वर्ष ग्राम तारकेश्वरपुर चौकी सलका-उमेश्वरपुर को गिरफ्तार किया गया। मामले में गिरफ्तार आरोपी चौकी क्षेत्र का गुण्डा बदमाश भी है।
इस प्रकरण की कार्यवाही में चौकी प्रभारी सलका उमेश्वरपुर संजय सिंह यादव, प्रधान आरक्षक अजीत प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक ईश्वर सिंह, आरक्षक राकेश सिंह पोर्ते, आरक्षक रामचंद्र साहू, आरक्षक पंकज राजवाड़े व आरक्षक पिताम्बर सिंह सक्रिय रहे।

