पुलिस विभाग में हड़कंप: सोशल मीडिया में वायरल कृत्य बना कारण, वरिष्ठ अधिकारी रतन लाल डांगी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड

पुलिस विभाग में हड़कंप: सोशल मीडिया में वायरल कृत्य बना कारण, वरिष्ठ अधिकारी रतन लाल डांगी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड

छत्तीसगढ़ में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई : वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रतन लाल डांगी निलंबित, आचरण नियमों के उल्लंघन पर सख्त कदम

रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए वर्ष 2003 बैच के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्री रतन लाल डांगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय उनके द्वारा सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन, पद की गरिमा के विपरीत आचरण तथा पद के दुरुपयोग के आरोपों के मद्देनजर लिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, श्री डांगी पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद के अनुरूप अपेक्षित आचरण का पालन नहीं किया तथा उनके कृत्य इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया में प्रसारित हुए, जिससे पुलिस विभाग की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। यह कृत्य अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है।

राज्य शासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1969 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह कार्रवाई की है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान श्री डांगी का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर रहेगा।

साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा, लेकिन बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

इस कार्रवाई को प्रशासन द्वारा अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सरकार ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि किसी भी स्तर पर पद के दुरुपयोग या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Breaking Chhattisgarh