कुमनार में जनकल्याण की पहल : नारायणपुर में पुलिस-जन संवाद का सफल आयोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा पर पुलिस-ITBP का संयुक्त अभियान, ITBP और पुलिस ने जीता ग्रामीणों का विश्वास

कुमनार में जनकल्याण की पहल : नारायणपुर में पुलिस-जन संवाद का सफल आयोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा पर पुलिस-ITBP का संयुक्त अभियान, ITBP और पुलिस ने जीता ग्रामीणों का विश्वास

जिला नारायणपुर में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) की 29वीं बटालियन एवं जिला पुलिस नारायणपुर के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 22 मार्च 2026 को थाना कुमनार क्षेत्र में एक व्यापक पुलिस-जन संवाद एवं जनकल्याण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों एवं आदिवासी समुदाय के साथ विश्वास एवं सहयोग को सुदृढ़ करना, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करना तथा सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

1. चिकित्सा शिविर का आयोजन : स्थानीय ग्रामीणों के लिए निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों द्वारा रक्तचाप, सामान्य बीमारियों की जांच कर आवश्यक दवाइयाँ वितरित की गईं तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श भी दिए गए।

2. सामुदायिक सहभागिता एवं जन-संवाद : पुलिस एवं ITBP के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को सुना। उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारी, कानून व्यवस्था एवं पुलिस की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।

3. बच्चों हेतु शैक्षणिक सामग्री वितरण : ग्रामीण बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई, जिससे उनकी शिक्षा को प्रोत्साहन मिल सके।

4. पोषण एवं सामूहिक भोजन कार्यक्रम : ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई, जिससे आपसी भाईचारा एवं सामुदायिक भावना को बढ़ावा मिला।

5. सांस्कृतिक एवं धार्मिक सहभागिता : स्थानीय परंपराओं का सम्मान करते हुए पूजा-अर्चना एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में पुलिस बल ने सहभागिता निभाई, जिससे समाज के साथ भावनात्मक जुड़ाव और मजबूत हुआ।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के साथ विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करना भी है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस एवं जनता के बीच की दूरी कम होती है तथा विकास और शांति की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार होता है।

Uncategorized