माह जनवरी में 130, फरवरी में 279, मार्च में अब तक 540 कुल 949 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध की गई है कार्यवाही.
11 मार्च की रात्रि को फंसे 58 नशेड़ी वाहन चालक.
ड्रंक एंड ड्राइव कार्यवाही का उद्देश सड़क दुर्घटना में कमी लाना, जान माल की रक्षा करना, सड़क में चलते समय अनुशासन लाना है.
रायपुर : रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत इस साल अब तक 949 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं 11 मार्च की रात चलाए गए विशेष अभियान में ही 58 वाहन चालक शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई किसी टारगेट के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।
रायपुर शहर में सुरक्षित ही नहीं, सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा निरंतर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. संजीव शुक्ला पुलिस कमिश्नर और श्री विकास कुमार पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं प्रोटोकॉल के निर्देशानुसार शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में एमव्ही एक्ट की धारा 185 के प्रावधानों के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जनवरी में 130, फरवरी में 279, मार्च में अब तक 540 कुल 949 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की जा चुकी है, जिन्हें नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।
इस अभियान के अंतर्गत दिनांक 11 मार्च 2026 की रात्रि में श्री रमेश येरेवार एवं श्री सतीष ठाकुर एसीपी यातायात के नेतृत्व में शहर के पांच स्थानों फुण्हर चौक, टेमरी चौक, ऊर्जा पार्क रोड, ऐश्वर्या बाजार एवं होटल लेवल 3 के सामने विधानसभा रोड पर क्रमशः निरीक्षक कमलेश देवांगन यातायात थाना भाटागांव, निरीक्षक श्री शैलेंद्र सिंह ठाकुर यातायात थाना पंडरी, निरीक्षक श्री ढालूदास मानिकपुरी यातायात थाना शारदा चौक, निरीक्षक श्री वैभव मिश्रा यातायात थाना भनपुरी एवं निरीक्षक श्री सुशील चंद्रकर्ष यातायात थाना फाफाडीह एवं यातायात पुलिस स्टॉफ के साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाते हुए कुल 58 वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध चालान की कार्यवाही कर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
लोगों में भ्रांति है कि पुलिस कोई टारगेट पूरा करने अभियान चलाती है, जबकि यातायात पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है, अतः इस पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।
आम नागरिकों से अपील – यातायात पुलिस रायपुर सभी वाहन चालकों एवं नागरिकों से अपील करती है कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
निम्नलिखित यातायात नियमों का विशेष रूप से पालन करें —
शराब पीकर वाहन न चलाएं.
वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें.
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें.
निर्धारित गति सीमा (Speed Limit) का पालन करें.
ट्रैफिक सिग्नल, संकेतक एवं पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें.
नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें.
वाहन चलाते समय धैर्य रखें और अन्य वाहन चालकों के प्रति संवेदनशील रहें.
यातायात पुलिस द्वारा शहर में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे, ताकि सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित की जा सके।

