विदेश में फंसे प्रदेशवासियों को मिलेगी त्वरित मदद: पश्चिम एशिया की परिस्थितियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने नई दिल्ली में नोडल अधिकारी नियुक्त कर शुरू की विशेष सहायता व्यवस्था

विदेश में फंसे प्रदेशवासियों को मिलेगी त्वरित मदद: पश्चिम एशिया की परिस्थितियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने नई दिल्ली में नोडल अधिकारी नियुक्त कर शुरू की विशेष सहायता व्यवस्था

रायपुर : पश्चिम एशिया क्षेत्र में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के नागरिकों की सहायता और समन्वय के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की है, जो पश्चिम एशिया में कार्यरत या वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार सुश्री लेखा अंजगले, लॉयजन अधिकारी, कार्यालय आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन नई दिल्ली को इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह निर्णय पश्चिम एशिया क्षेत्र में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि वहां रह रहे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि नोडल अधिकारी के माध्यम से प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों को समुचित जानकारी, सहायता तथा आवश्यक समन्वय उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए संपर्क व्यवस्था भी जारी की गई है, जिससे जरूरतमंद लोग सीधे संपर्क कर सकें।

नोडल अधिकारी से संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 8349840582 जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त कार्यालयीन दूरभाष नंबर 011-46156000 तथा फैक्स नंबर 011-46156030 पर भी संपर्क किया जा सकता है। इस व्यवस्था से पश्चिम एशिया में रह रहे छत्तीसगढ़ के नागरिकों तथा उनके परिजनों को आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने में सुविधा होगी।

राज्य सरकार का यह कदम प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सहयोग के प्रति उसकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। सरकार ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि आवश्यक हुआ तो आगे भी परिस्थितियों के अनुरूप अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस आदेश की प्रति मुख्यमंत्री सचिवालय, छत्तीसगढ़ भवन नई दिल्ली, जनसंपर्क संचालनालय सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। राज्य शासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संकट की घड़ी में प्रदेश के नागरिकों को हर संभव सहायता समय पर मिल सके।

Chhattisgarh