महतारी वंदन योजना के 25 वीं किस्त पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का माना आभार
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर के लाल बहादुर शास्त्री मिनी स्टेडियम में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन–2026 में वंदन योजना की 25वीं किश्त जारी करते हुए प्रदेश की 69 लाख 48 हजार महिलाओं के खातों में 641 करोड़ 58 लाख रुपये अंतरित किए। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए महतारी वंदन योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता के लिए एक क्रांतिकारी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उनके आत्मसम्मान को सशक्त करने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आर्थिक सहयोग न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सुरक्षा में भी सहायक सिद्ध होगा। साथ ही उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी पहल, राज्य में महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान कर रही है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। यह योजना न केवल महिलाओं की वित्तीय स्थिति सुधार रही है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान व आत्मविश्वास के साथ जीने का अवसर भी प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में उठाया गया यह मजबूत कदम छत्तीसगढ़ की आधी आबादी के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ी छलांग है।
उन्होंने कहा कि महिलाएँ शक्ति-स्वरूपा हैं। महिलाएँ राष्ट्र की निर्माता हैं। उनका योगदान अनमोल है, यह महतारी वंदन योजना भाजपा सरकार की ओर से प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए छोटा-सा अर्पण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने रखा है। इसके लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि योजना का प्रभाव न केवल महिलाओं तक सीमित है, बल्कि इससे पूरे परिवार को मजबूती मिल रही है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि महिलाओं के विकास, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महतारी वंदन योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

