वनभूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम: जशपुर के बगीचा क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी मशीन जब्त

वनभूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम: जशपुर के बगीचा क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी मशीन जब्त

वन क्षेत्र में अवैध कब्जे के प्रयास पर वन विभाग की कार्रवाई, जे.सी.बी. मशीन जप्त

जशपुर : आज दिनांक 09.03.2026 को दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि वन परिक्षेत्र बगीचा अंतर्गत ग्राम टांगरपानी के दालढोढ़ी नामक स्थान पर जे.सी.बी. मशीन के माध्यम से वनभूमि में खेत निर्माण कर अवैध कब्जा किया जा रहा है। सूचना प्राप्त होने पर वनमण्डलाधिकारी जशपुर शशि कुमार, भा.व.से. के निर्देशानुसार वन परिक्षेत्राधिकारी बगीचा सुश्री यशस्वी मौर्य, प्रशिक्षु भा.व.से. द्वारा वन अमले के साथ तत्काल घटनास्थल दालढोढ़ी, कक्ष क्रमांक पी-1331 पहुंचकर जांच की गई।

मौके पर जे.सी.बी. (न्यू) मशीन चेचिस क्रमांक 7HAR3KGPNV03347121 पाई गई, जिससे वन क्षेत्र में मिट्टी खुदाई कर खेत निर्माण का कार्य किया जा रहा था। मौके पर उपस्थित जे.सी.बी. चालक श्री फुलचंद उरांव, पिता श्री मंगलेश्वर उरांव, ग्राम गुड़दरी, जिला गुमला (झारखंड) से पूछताछ कर वैध दस्तावेजों की मांग की गई। पूछताछ के दौरान चालक द्वारा बताया गया कि जे.सी.बी. के मालिक द्वारा उक्त भूमि को स्वयं की भूमि बताकर खेत बनाने हेतु मिट्टी खुदाई करने के लिए कहा गया था, जिसके आधार पर वह जे.सी.बी. मशीन से मौके पर खुदाई का कार्य कर रहा था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग द्वारा वन अपराध प्रकरण क्रमांक 21487/25 दिनांक 09.03.2026 पंजीबद्ध किया गया तथा उपयोग में लाई जा रही जे.सी.बी. मशीन को विधिवत जप्त कर बगीचा निस्तार डिपो में सुरक्षित रखा गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, खुदाई अथवा निर्माण कार्य न करें। इस प्रकार की गतिविधियां वन संरक्षण अधिनियम एवं भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध हैं। यदि किसी क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को प्रदान करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Crime Jashpur