जिला अस्पताल में जांच व दवाओं की उपलब्धता जारी: सिविल सर्जन
हमर लैब संचालन के संबंध में वस्तुस्थिति किया स्पष्ट
जशपुर : सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला अस्पताल जशपुर ने हमर लैब में जांच बंद संबंधित शिकायत पर वस्तुस्थिति स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में जांच और दवाओं की उपलब्धता नियमित रूप से सुनिश्चित की जा रही है। सिविल सर्जन ने बताया कि हमर लैब में जांच संबंधी केमिकल (रिऐजेंट) छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) द्वारा उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिसके बाद जांचों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि सीजीएमएससी द्वारा बायोकेमिस्ट्री जांच हेतु आवश्यक रिऐजेंट उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे लैब में सभी आवश्यक जांचें क्रमशः संचालित की जा रही हैं। आपातकालीन वार्ड में दवाओं की कमी संबंधी शिकायत के संबंध में उन्होंने बताया कि ऐसी किसी भी परिस्थिति में अस्पताल मद तथा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। फरवरी 2026 में सीजीएमएससी द्वारा दवाइयों की आपूर्ति भी कर दी गई है, जिससे मरीजों को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।
सोनोग्राफी सुविधा के संबंध में सिविल सर्जन ने बताया कि जिला अस्पताल में पदस्थ रेडियोलॉजिस्ट के आकस्मिक गंभीर दुर्घटना के कारण चिकित्सा अवकाश पर होने से यह सुविधा अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है। चिकित्सक के कार्यस्थल पर पुनः उपस्थित होने के बाद सोनोग्राफी की सेवा नियमित रूप से प्रारंभ कर दी जाएगी। सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि सांस संबंधी रोगियों के लिए डेरीफिलीन तथा ब्रेन स्ट्रोक के उपचार में प्रयुक्त इंजेक्शन वर्तमान में सीजीएमएससी द्वारा उपलब्ध करा दिए गए हैं और मरीजों को उनका लाभ दिया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर आयुष्मान कार्ड एवं अस्पताल मद से भी दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल में ईएसआर, एचबी1सी तथा लिपिड प्रोफाइल जैसी जांच सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध हैं और मरीजों को इनका लाभ मिल रहा है। सिविल सर्जन ने कहा कि जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

