जशपुर से सरपंचों का अध्ययन भ्रमण दल धमतरी एवं दुर्ग जिले के लिए रवाना.
संचालित विकास कार्यों, नवाचारों और उत्कृष्ट पहल का करेंगे अवलोकन.
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना.
जशपुर : ग्राम पंचायतों के विकास को नई दिशा देने और सफल मॉडलों से सीखने के उद्देश्य से जशपुर जिले के सरपंचों का एक अध्ययन भ्रमण दल धमतरी और दुर्ग जिले के लिए रवाना हुआ। इस पहल के माध्यम से सरपंच विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित नवाचारों, विकास कार्यों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे, ताकि अपने-अपने गांवों में भी बेहतर और प्रभावी विकास कार्यों को लागू किया जा सके।
सफल ग्राम पंचायतों के कार्यों, नवाचारों तथा विकास गतिविधियों का अध्ययन करने के उद्देश्य से जशपुर जिले से सरपंचों का एक अध्ययन भ्रमण दल 09 मार्च से 12 मार्च तक धमतरी एवं दुर्ग जिले के ग्राम पंचायतों के भ्रमण के लिए आज रवाना हुए। इस दल में कुल 40 प्रतिभागी सरपंच सम्मिलित हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सलीक साय ने अध्ययन भ्रमण दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से सरपंचों को अन्य ग्राम पंचायतों में किए जा रहे नवाचारों, विकास कार्यों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त होती है, जिससे वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में भी बेहतर योजनाएं लागू कर सकते हैं।
अध्ययन भ्रमण के दौरान सरपंचों का दल धमतरी जिले के सांकरा तथा दुर्ग जिले के पतोरा ग्राम पंचायत का भ्रमण करेगा। यहां वे संचालित विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों, नवाचारों और उत्कृष्ट पहल का अवलोकन करेंगे। इस अध्ययन के माध्यम से प्राप्त अनुभवों का उपयोग सरपंच अपने ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में करेंगे।


