जशपुर : जशपुर जिले के दुलदुल थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक 13 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग बालिका के साथ उसके ही पड़ोस में रहने वाले 55 वर्षीय व्यक्ति ने दुष्कर्म कर दिया। बताया जा रहा है कि पीड़िता आरोपी को ‘नाना’ कहकर संबोधित करती थी, जिससे घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित बालिका अपनी बड़ी मां के साथ रहती है। घटना 7 मार्च 2026 की है, जब उसकी बड़ी मां मजदूरी के लिए घर से बाहर गई हुई थी और नाबालिग घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने घर के पास स्थित गौशाला में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
शाम को जब बड़ी मां काम से वापस लौटी, तब पीड़िता ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने तुरंत थाना दुलदुला पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 65(1) तथा Protection of Children from Sexual Offences Act की धारा 4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए 55 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

