जशपुर/कुनकुरी: जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा दुलदुला क्षेत्र के गोडाअम्बा गांव के पास, हल्दीमुंडा से लगभग 1 किलोमीटर अंदर करडेगा रोड पर हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे। बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण बताई जा रही है कि अपुष्ट जानकारी के अनुसार दो लोगों की मौत की भी खबर सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही दुलदुला थाना और करडेगा पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई। स्थानीय ग्रामीण भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए हैं।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए सीएम कैम्प कार्यालय बगिया से तत्काल निर्देश जारी किए गए, जिसके बाद 108 सेवा की एंबुलेंस समेत कुल तीन एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। तीनों एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और घायलों को अस्पताल ले जाने का काम जारी है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। घायलों की संख्या और हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
अपडेट जारी…

