सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची वन विभाग की टीम, किनकेल घाटी के जंगल की आग पर तेजी से नियंत्रण, संभावित बड़े नुकसान को टाला

सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची वन विभाग की टीम, किनकेल घाटी के जंगल की आग पर तेजी से नियंत्रण, संभावित बड़े नुकसान को टाला

जशपुर : जशपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत किनकेल घाटी के सड़क किनारे स्थित आरक्षित वन आर. एफ. 558 क्षेत्र में विगत दिवस 04 मार्च को आग लगने की सूचना दूरभाष के माध्यम से प्राप्त हुई।

 सूचना प्राप्त होते ही वनमण्डलाधिकारी जशपुर शशि कुमार, उपवनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री करण सिंह, वन परिक्षेत्राधिकारी श्री विवेक भगत व अमला एवं फायर वाचर तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे। मौके पर पहुँचकर स्थिति का आकलन करते हुए फायर ब्लोअर मशीन एवं उपलब्ध संसाधनों की सहायता से आग बुझाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई। विभागीय टीम की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप आग पर शीघ्र ही नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया तथा उसे आसपास के वन क्षेत्र में फैलने से रोक दिया गया। समय पर की गई इस कार्रवाई से वन संपदा को संभावित क्षति से बचाया जा सका।

 वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी एवं गश्त की जा रही है, ताकि आग की पुनरावृत्ति को रोका जा सके तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को वनों में आग से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में जागरूक करते हुए उनसे वन संरक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की जा रही है।

 वन विभाग जशपुर द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वनों में आग न लगाएँ तथा यदि कहीं भी आग लगने की घटना दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम वन अधिकारी अथवा वन कर्मचारी को दें, जिससे समय रहते आग को बुझाया जा सके। वनों में जानबूझकर आग लगाने अथवा आग लगाते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 26 के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। वन विभाग सभी नागरिकों से वनों की सुरक्षा एवं संरक्षण में सहयोग

की अपेक्षा करता हैं, जिससे पर्यावरण संतुलन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Jashpur