शराब के नशे में रिश्तों का कत्ल: जामुल के रावणभाठा में चाचा ने भतीजे के सिर पर लोहे के पाइप से किए ताबड़तोड़ वार, 10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार — दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई

शराब के नशे में रिश्तों का कत्ल: जामुल के रावणभाठा में चाचा ने भतीजे के सिर पर लोहे के पाइप से किए ताबड़तोड़ वार, 10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार — दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रावणभाठा जामुल क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान युवक की हत्या

शराब सेवन को लेकर हुई बहस के बाद सिर पर लोहे के पाइप से प्रहार

अपराध क्रमांक 142/2026 धारा 103 BNS के तहत प्रकरण दर्ज

दुर्ग : दिनांक 02.03.2026 को रात्रि लगभग 11:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि रावणभाठा जामुल निवासी हेमंत साहू की हत्या कर दी गई है। सूचना पर थाना जामुल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची एवं घटना की तस्दीक की गई। जांच में पाया गया कि मृतक हेमंत साहू एवं उसके चाचा आशीष साहू के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी द्वारा लोहे के पाइप से मृतक के सिर के पीछे बार-बार प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत अवस्था में गिर गया और उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की माता श्रीमती ललिता साहू की रिपोर्ट पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 142/2026 धारा 103 BNS के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना उपरांत आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम द्वारा त्वरित पतासाजी एवं घेराबंदी कर दिनांक 03.03.2026 को घटना के 10 घंटे से कम समय के भीतर आरोपी को जामुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है।

आरोपी का नाम :

1. आशीष साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी रावणभाठा जामुल, थाना जामुल, जिला दुर्ग

सराहनीय कार्य :

उक्त कार्यवाही में थाना जामुल प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, सउनि महफूज खान, सउनि बेनी सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अनिल सिंह, आरक्षक गजेन्द्र सिंह, ललित साहू, महात्मा साहू, तोषण चन्द्राकर, फरार खान, अतुल सिंह, चंदन सिंह, नरेश यादव तथा एसीसीयू टीम की सक्रिय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील :

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि आपसी विवादों को शांतिपूर्ण एवं विधिक माध्यम से सुलझाएं। नशे की स्थिति में उत्पन्न विवाद गंभीर अपराध का रूप ले सकते हैं। कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के मुख्य बिंदु :

02.03.2026 की रात्रि 11:30 बजे सूचना प्राप्त होते ही तत्काल पुलिस कार्रवाई

चाचा-भतीजे के बीच शराब सेवन को लेकर हुआ विवाद बना हत्या का कारण

घटना के पश्चात फरार आरोपी को 10 घंटे के भीतर घेराबंदी कर पकड़ा गया

घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

Crime