जशपुर में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा: 24 पैकेट बरामद, दो आरक्षक सहित चार आरोपी गिरफ्तार
जशपुर : शहर के विवेकानंद कॉलोनी में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किराए के मकान में छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, रवि विश्वकर्मा नामक व्यक्ति अपने किराए के घर में अवैध रूप से गांजा छिपाकर रखे हुए था। रेड के दौरान एक पेटी में रखे 24 पैकेट गांजा जब्त किए गए। पूछताछ में रवि विश्वकर्मा ने खुलासा किया कि यह गांजा गोविंद उर्फ सुनील द्वारा पैसे के एवज में उसके घर में रखा गया था।
मामले में थाना जशपुर में अपराध क्रमांक 74/26 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी रवि विश्वकर्मा और सुनील भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस महकमे में हड़कंप
जांच के दौरान मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब पूछताछ में सामने आया कि थाना तपकरा में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 581 धीरेंद्र मधुकर (पिता करताल सिंह, उम्र 37 वर्ष) और आरक्षक क्रमांक 392 अमित त्रिपाठी (पिता स्वर्गीय राजदेव त्रिपाठी, उम्र 35 वर्ष) कथित रूप से गांजा तस्करी में संलिप्त थे।
आरोप है कि दोनों आरक्षकों ने तस्करी नेटवर्क के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों में सहयोग किया। प्रारंभिक जांच में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्षेत्र में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। आमतौर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले पुलिसकर्मियों का इस तरह के गंभीर अपराध में नाम सामने आना पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।
यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत देती है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की मुहिम तेज है, और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति—चाहे वह आम नागरिक हो या वर्दीधारी—को बख्शा नहीं जाएगा।

