त्योहारों से पहले कुनकुरी में सक्रिय हुई शांति समिति: कानून-व्यवस्था, यातायात और आपात सेवाओं पर विस्तृत मंथन, हुड़दंग और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत

त्योहारों से पहले कुनकुरी में सक्रिय हुई शांति समिति: कानून-व्यवस्था, यातायात और आपात सेवाओं पर विस्तृत मंथन, हुड़दंग और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत

कुनकुरी में शांति समिति की अहम बैठक : होली और ईद को सौहार्दपूर्ण बनाने प्रशासन-पुलिस पूरी तरह अलर्ट, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई

कुनकुरी : आगामी होलिका दहन, होली एवं ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को कुनकुरी थाना परिसर में संयुक्त शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधि और नागरिकों ने मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में एसडीएम नंद जी पांडे, तहसीलदार प्रमोद पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। पर्वों के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, आपातकालीन सेवाओं और भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

एसडीएम नंद जी पांडे ने त्योहारों के दौरान अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नदी-झरनों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल तैनात करने की बात कही, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने स्पष्ट किया कि प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और पुलिस बल द्वारा सघन गश्त की जाएगी। नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीड, स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हेलमेट जांच अभियान भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की है ताकि सड़कों पर अतिक्रमण और जाम की स्थिति न बने।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे पर्वों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

Jashpur