आरोपी के कब्जे से 67 किलो 135 ग्राम गांजे सहित, तस्करी में प्रयुक्त हुंडई वरना कार क्रमांक DL – 8C- AX – 8014 व 02 नग मोबाइल फोन को भी किया गया जप्त.
तस्करी में प्रयुक्त कार सहित जप्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये, जिसमें जप्त गांजे की कीमत 33 लाख 55 हजार रुपये व कार की कीमत 06 लाख 50 हजार रुपये है.
आरोपी तस्कर उड़ीसा से अवैध मादक प्रदार्थ गांजा लेकर जा रहा था बिहार, पुलिस ने लावाकेरा में धर दबोचा, मामला थाना तपकरा क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपी के विरुद्ध थाना तपकरा में 20(बी) एनडीपीएस के तहत मामला पंजीबद्ध
नाम गिरफ्तार आरोपी – सुमन कुमार हिमांशु उम्र 36 वर्ष निवासी मंडईडीह, थाना पातेपुर, जिला वैशाली (बिहार)
जशपुर : नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 67 किलो 135 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। लगभग 40 लाख रुपये की जब्ती के साथ यह कार्रवाई जशपुर पुलिस की सतर्कता और सख्ती का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।
प्रकरण के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 26 फरवरी 2026 को थाना तपकरा पुलिस को मुखबीर से पुख़्ता सूचना मिली थी कि एक सिल्वर कलर की हुंडई वरना कार क्रमांक DL-8C- AX – 8014 से एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध मादक गांजा को, उड़ीसा राज्य की ओर से, लावाकेरा,तपकरा होते हुए ले जा रहा है। जिस पर थाना तपकरा पुलिस के द्वारा तत्काल मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए, पुलिस टीम के साथ, लावाकेरा बैरियर में नाकाबंदी कर, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जाने लगी।
इसी दौरान उड़ीसा राज्य की ओर सेको संदिग्ध सिल्वर कलर की हुंडई वरना कार क्रमांक DL-8C- AX – 8014 आता दिखाई देने पर, पुलिस टीम के द्वारा घेरा बंदी कर उक्त संदिग्ध कार को रोका गया, पूछताछ पर कार का चालक ने अपना नाम सुमन कुमार हिमांशु उम्र 36 वर्ष निवासी मंडईडीह, थाना पातेपुर, जिला वैशाली (बिहार) का रहने वाला बताया, पुलिस के द्वारा संदेह होने पर जब संदिग्ध कार की तलाशी ली गई तो, उसके डिक्की में स्टेपनी रखने के कि जगह पर छिपाकर रखा गया, प्लास्टिक की बोरी मिली, जिसमें 65 पैकेट में 67 किलो 135 ग्राम अवैध मादक प्रदार्थ गांजा को रखा गया था। जिसे पुलिस के द्वारा बरामद कर जप्त कर लिया गया, व संदिग्ध आरोपी सुमन कुमार हिमांशु को हिरासत में लिया गया तथा उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त हुंडई वरना कार क्रमांक DL-8C- AX – 8014 व दो मोबाइल फोन को भी पुलिस के द्वारा जप्त किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त कार सहित जप्त अवैध मादक प्रदार्थ की कि कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये है, जिसमें कार की कीमत 06 लाख 50 हजार व अवैध मादक प्रदार्थ गांजे की अनुमानित कीमत 33 लाख 50 हजार रुपए है।
पूछताछ में आरोपी सुमन कुमार हिमांशु ने पुलिस को बताया कि दो तीन माह पूर्व हाजीपुर बिहार में उसकी पहचान एक महिला से हुई थी, उसी के कहने पर वह महिला के साथ संबलपुर उड़ीसा आया था, जहां से वह अवैध मादक प्रदार्थ गांजा को लेकर संदिग्ध महिला के साथ कार से बिहार ले कर लौट रहा था, उसकी महिला साथी उड़ीसा राज्य में ही कार से उतर गई व आरोपी को अकेले ही अवैध मादक प्रदार्थ गांजा को लेकर पटना बिहार ले जाने हेतु बोली थी, जिसके सम्बन्ध में संदिग्ध महिला के द्वारा आरोपी को कुछ रकम देने की भी बात की गई थी, पुलिस ने पकड़े गए आरोपी सुमन कुमार हिमांशु की निशान देही पर, उसकी महिला साथी को भी चिन्हित कर लिया है, जिसकी पतासाजी जारी है, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा। मामले में आरोपी के द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा खरीदी के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस के द्वारा आरोपी तस्कर के विरुद्ध थाना तपकरा में 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी सुमन कुमार हिमांशु उम्र 36 वर्ष के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व अवैध मादक प्रदार्थ गांजा सहित आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक, सहायक उपनिरीक्षक रामजी साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक अमित त्रिपाठी, आरक्षक धीरेन्द्र मधुकर, महिला आरक्षक मंजू यादव, व लावाकेरा पुलिस चेक पोस्ट से प्रधान आरक्षक प्रकाश वाजपाई, आरक्षक सागर नायक व नगर सैनिक डमरूधर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने तपकरा क्षेत्र में एक कार से 67 किलो ग्राम से अधिक अवैध मादक प्रदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्यवाही निरंतर जारी है, नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।

