रायपुर : राज्य शासन ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री गणेश शंकर मिश्रा को राज्य नीति आयोग, छत्तीसगढ़ का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग मंत्रालय द्वारा औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार श्री मिश्रा को उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। नियुक्ति की सेवा शर्तें पृथक से जारी की जाएंगी। आदेश में उल्लेख है कि यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार जारी की गई है।
यह आदेश नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन से जारी किया गया। शासन के इस निर्णय को राज्य की नीतिगत एवं विकासात्मक गतिविधियों को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है।
प्रशासनिक अनुभव और नीति निर्माण की गहरी समझ रखने वाले श्री मिश्रा की नियुक्ति से राज्य नीति आयोग को रणनीतिक योजना निर्माण, आर्थिक विकास, सुशासन और दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में गति मिलने की उम्मीद है।
राज्य शासन के इस फैसले को प्रशासनिक मजबूती और विकासोन्मुख नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।


