धारदार हथियार से गर्दन पर प्राणघातक वार कर युवती को किया घायल.
थाना नेवई में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 109 BNS के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर की गई विवेचना.
घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गया गिरफ्तार.
दुर्ग : युवती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को दुर्ग जिले में पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। थाना नेवई में दर्ज हत्या के प्रयास के इस गंभीर प्रकरण में आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूर्व परिचय और पुरानी प्रताड़ना के चलते आक्रोश में आकर युवती की गर्दन पर प्राणघातक वार किया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर त्वरित विवेचना की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 15 फरवरी 2026 को सायं लगभग 05:00 बजे प्रार्थिया बैकुंठधाम मंदिर से पूजा कर अपने घर लौट रही थी। इंदिरा चौक के पास, गली अंदर स्टेशन मरोदा क्षेत्र में आरोपी द्वारा रास्ता रोक कर बातचीत करने का प्रयास किया गया। प्रार्थिया के नहीं रुकने पर आरोपी ने पूर्व परिचय एवं पुरानी प्रताड़ना के कारण आक्रोशित होकर जान से मारने की नियत से अपने पास रखे धारदार हथियार से गर्दन पर प्राणघातक वार किया। बचाव के दौरान प्रार्थिया के दाहिने हाथ की कलाई, दाहिने गाल एवं दाहिनी पसली के पास चोटें आईं।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 109 BNS के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी को चिन्हित कर दिनांक 16 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय दुर्ग में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
घटना का कारण –
पूर्व परिचय के दौरान आरोपी द्वारा लगातार परेशान किए जाने के कारण उत्पन्न आक्रोश एवं प्रतिशोध की भावना।
घटनास्थल – इंदिरा चौक के पास, गली अंदर स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग.
आरोपी का नाम – 1. योगेन्द्र कुमार यादव उर्फ छोटू उर्फ टायलेट, उम्र 30 वर्ष, निवासी इंदिरा चौक स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
जप्त सामग्री – 1. घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार.
सराहनीय कार्य –
इस प्रकरण की कार्यवाही में थाना प्रभारी नेवई सहायक उपनिरीक्षक करण सोनकर, सहायक उपनिरीक्षक निगम पात्रे, प्रधान आरक्षक हेमंत चंदेल, आरक्षक शाहबाज खान एवं आरक्षक विजय कुर्रे की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील –
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

