पूर्व सहपाठियों से पुनर्मिलन ने किया भावुक, प्राचार्य ने स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित
कुनकुरी : पीएम श्री सेजेस हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुनकुरी में आज 11 फरवरी 2026 को पीएम श्री एलुमनी मीट योजना के अंतर्गत भूतपूर्व छात्रों का एक भावनात्मक एवं गरिमामय सम्मेलन आयोजित किया गया। यह आयोजन न केवल स्मृतियों को ताज़ा करने का अवसर बना, बल्कि पीढ़ियों के बीच संवाद और आत्मीयता का सेतु भी सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के अनेक भूतपूर्व छात्र—विष्णु नारायण जोशी, कैलाश नाथ गुप्ता, संतोष सहाय, मुनेश्वर केसर, खुरियस टोप्पो, अनील सिंह, कलेश्वर यादव, मनोज महेन्दले, बाल सिंह सहित अन्य गणमान्य पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे। वर्षों बाद अपने विद्यालय प्रांगण में कदम रखते ही सभी के चेहरे पर उत्साह और आंखों में स्मृतियों की चमक साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भूतपूर्व छात्रों का तिलक, बैज एवं आत्मीय स्वागत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को अपनत्व से भर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, स्वागत नृत्य तथा संगीतमय नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों ने न केवल मंच को जीवंत किया, बल्कि यह भी दर्शाया कि विद्यालय में आज भी संस्कार, कला और संस्कृति की सशक्त परंपरा कायम है।
अपने उद्बोधन में भूतपूर्व छात्रों ने कार्यक्रम की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस सम्मेलन ने उन्हें फिर से अपने छात्र जीवन के सुनहरे दिनों में लौटा दिया। पुराने सहपाठियों से मुलाकात होते ही कई क्षण भावुक हो उठे और यादों की अनकही कहानियाँ स्वतः ही साझा होने लगीं। सभी ने विद्यालय को अपने जीवन की मजबूत नींव बताते हुए शिक्षकों के योगदान को हृदय से नमन किया।
विद्यालय के प्राचार्य जय गोपाल सिंह ने सभी भूतपूर्व छात्रों को गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और विद्यालय के इस विशेष आयोजन के लिए समय निकालकर उपस्थित होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एलुमनी मीट जैसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रेरणा देने के साथ-साथ विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के समस्त शैक्षणिक स्टाफ, वर्तमान विद्यार्थी तथा अतिथिगण उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन का संचालन व्याख्याता सुधीर कुमार सिन्हा एवं अभिषेक शर्मा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।

