थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत मामले में दिनांक 02.02.26 की रात्रि ग्राम चटकपुर बेने के पास 32 नग गौ-वंशों को मुक्त कराया पुलिस ने, एक विधि से संघर्षरत बालक सहित दो आरोपी पुलिस की हिरासत में.
मामले से जुड़े अन्य आरोपी हैं फरार, पुलिस ने कर लिया है चिन्हित, पतासाजी जारी, शीघ्र ही की जावेगी गिरफ्तारी.
चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत मामले में पुलिस ने दिनांक 31.01.26 की रात्रि ग्राम केसरा के जंगल में ग्रामीणों के सहयोग से छुड़ाया 42 नग गौ वंशों को
मामला थाना नारायणपुर व चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत का,
मामले से जुड़े आरोपी तस्कर हैं फरार, जशपुर पुलिस कर रही है पतासाजी,दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला पंजीबद्ध.
थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत मामले में गिरफ्तार आरोपी गौ तस्कर नाम क्रमश: –
01. अमन टोप्पो उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम कजरा, कनपोड़ा, थाना नारायणपुर जिला जशपुर (छ.ग).
02. 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक.
जशपुर : गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का निर्णायक प्रहार जारी है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत बीते तीन दिनों में पुलिस ने तस्करों के मंसूबों को कुचलते हुए 74 गौ-वंशों को सुरक्षित मुक्त कराया। नारायणपुर और मनोरा क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है, जिसके तहत गत तीन दिवस में जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ने गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए क्रमशः थाना नारायणपुर व चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत कुल 74 नग गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। व थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत मामले में जशपुर पुलिस को एक विधि से संघर्षरत बालक सहित दो गौ तस्करों को पकड़ने में सफलता मिली है।

थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 02 फरवरी 2026 की प्रातः करीबन 05:00 बजे के लगभग, थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम चटकपुर चांचीडांड के पास बेने डेम के नीचे, ईब नदी के किनारे कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में गौ-वंशों को पैदल बेरहमी पूर्वक मारते पीटते हुए, हांक कर झारखंड राज्य की ओर ले जा रहे हैं। जिस पर थाना नारायणपुर पुलिस के द्वारा मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ.लाल उमेद सिंह के दिशा निर्देश पर तत्काल, मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर देखा तो पाया कि कुछ व्यक्ति, काफी संख्या में गौ-वंशों को पैदल हांक कर जल्दी-जल्दी ले जा रहे हैं। जिस पर पुलिस के टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी की गई। पुलिस को देख कर गौ तस्करों के द्वारा भागने का प्रयास किया गया, परंतु पुलिस के टीम के द्वारा पीछा करते देख दो संदिग्ध गौ तस्करों को हिरासत में ले लिया गया, शेष आरोपी गौ तस्कर, जंगल का फायदा उठा कर भाग गए।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी गौ तस्करों ने अपना नाम क्रमशः अमन टोप्पो उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम कजरा कनपोड़ा थाना नारायणपुर जिला जशपुर का रहने वाला बताया व दूसरा संदिग्ध गौ तस्कर एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक था। गौ तस्करों ने बताया कि वे अपने अन्य 11 साथियों के साथ मिलकर गौ-वंशों को कजरा से लेकर, गोविंदपुर झारखंड की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने पकड़े गए उक्त दोनों आरोपियों की निशान देही पर, मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया है, जिनकी पतासाजी जारी है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार किया जावेगा।
पुलिस के द्वारा पकड़े गए गौ तस्करों से गौ-वंशों से संबंधित दस्तावेजों की मांग करने पर उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिया जा सका, जिस पर पुलिस के द्वारा उनके कब्जे से सभी 32 नग गौ-वंशों को बरामद कर लिया गया है तथा सभी गौ-वंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है।
पुलिस के द्वारा आरोपी गौ तस्करों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6,10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
पुलिस के द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपी गौ तस्करों क्रमशः अमन टोप्पो उम्र 20 वर्ष तथा 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर, आरोपी अमन टोप्पो को न्यायिक रिमांड पर जेल व विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व गौ-वंशों सहित आरोपियों की गिरफ्तारी में सहायक उपनिरीक्षक अमरबेल मिंज, सहायक उपनिरीक्षक उमेश प्रभाकर, सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, प्रधान आरक्षक अनानियुस टोप्पो, आरक्षक अशोक कंसारी व आरक्षक योगेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वहीं चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत मामले में दिनांक 31 जनवरी 202 6 की शाम करीबन 05:00 से 06:00 बजे के मध्य, प्रार्थी रविरंजन कुमार उम्र 31 वर्ष, निवासी मधुवन टोली, जशपुर के द्वारा चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम केसरा के ग्रामीणों के साथ मिलकर, ग्राम केसरा के बड़ा पहाड़ जंगल में गौ तस्करों के द्वारा पैदल हांक कर झारखंड राज्य की ओर ले जा रहे 42 नग गौ-वंशों को मुक्त कराते हुए, चौकी मनोरा पुलिस को सूचित किया गया था। जिस पर चौकी मनोरा पुलिस के द्वारा सभी 42 नग गौ-वंशों को बरामद करते हुए, उनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। मामले में ग्रामीणों को देखकर, गौ तस्कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए थे।
पुलिस के द्वारा मामले में चौकी मनोरा में आरोपी गौ तस्करों के विरुद्ध छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 (1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पता तलाश कर रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
प्रकरण के बारे में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है, गत तीन दिवस में 74 गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है। दो आरोपी गौ तस्कर भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं, फरार गौ तस्करों की पातासाजी जारी है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा, गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।

