राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 : रायगढ़ में महिला पुलिस व दिव्य शक्ति ने निकाली हेलमेट जागरूकता रैली

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 : रायगढ़ में महिला पुलिस व दिव्य शक्ति ने निकाली हेलमेट जागरूकता रैली

रायगढ़ पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से दिनांक 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026” मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जिले भर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 29 जनवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में डीएसपी साधना सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रतिष्ठित महिला समूह दिव्य शक्ति रायगढ़” के सदस्यों द्वारा हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली की शुरुआत थाना यातायात परिसर से हुई, जिसे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उत्तम प्रताप सिंह एवं महिला समूह दिव्य शक्ति रायगढ़” की श्रीमती कविता बेरिवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए पुनः थाना यातायात में समाप्त हुई। इस दौरान रैली में सम्मिलित महिलाओं ने हाथों में यातायात जागरूकता तख्तियां लेकर आम नागरिकों को हेलमेट पहनने का संदेश दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने कहा कि हेलमेट सिर्फ कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि जीवन सुरक्षा का मजबूत कवच है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर चोट लगना मृत्यु का प्रमुख कारण होता है, ऐसे में मानक हेलमेट पहनने से गंभीर चोटों की संभावना काफी कम हो जाती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना आवश्यक बताया।

एडिशनल एसपी श्री सोनी ने सामाजिक संगठनों की सहभागिता को सराहनीय बताते हुए कहा कि महिला समूह “दिव्य शक्ति रायगढ़” का यह प्रयास समाज में सुरक्षित यातायात का सकारात्मक संदेश दे रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Chhattisgarh