कानून-व्यवस्था और आधुनिक पुलिसिंग को मजबूती: रायपुर में क्राइम, साइबर, ट्रैफिक व जिला पुलिस के लिए बड़े स्तर पर पदस्थापनाएं

कानून-व्यवस्था और आधुनिक पुलिसिंग को मजबूती: रायपुर में क्राइम, साइबर, ट्रैफिक व जिला पुलिस के लिए बड़े स्तर पर पदस्थापनाएं

रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा राजधानी रायपुर में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू किए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित महानदी भवन से जनवरी 2026 में जारी आदेश के अनुसार, राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 8 वरिष्ठ अधिकारियों को नवीन दायित्व सौंपते हुए तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से आगामी आदेश पर्यंत पदस्थ किया गया है। यह निर्णय राजधानी में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, प्रभावी और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था के अनुरूप ढालने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जारी आदेश के तहत श्री तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर रायपुर को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जिला पुलिस मध्य नियुक्त किया गया है, जबकि श्री राहुल देव शर्मा को जिला पुलिस पश्चिम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री आकाश मरकाम को जिला पुलिस उत्तर, श्री विवेक शुक्ला एवं श्री डी.आर. पोर्ते को यातायात विभाग में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के रूप में पदस्थ किया गया है। वहीं, अपराध नियंत्रण एवं साइबर अपराध पर विशेष फोकस रखते हुए श्री गौरव मंडल और श्री अनुज गुप्ता को क्राइम एवं साइबर का अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही श्रीमती अर्चना झा को हेडक्वार्टर, प्रशिक्षण, DSB, AJK एवं CAW जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी पदस्थापनाओं के लिए सक्षम प्राधिकारी से समन्वय में अनुमोदन प्राप्त किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि पुलिस आयुक्त प्रणाली के अंतर्गत यह पुनर्गठन राजधानी रायपुर में तेज निर्णय प्रक्रिया, बेहतर यातायात प्रबंधन, सशक्त अपराध नियंत्रण और नागरिकों को अधिक प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

Chhattisgarh