आरोपी अत्यंत शातिर किस्म का है, FIR दर्ज होते ही दमोह (मध्य प्रदेश) में काफी दिनों तक छिपा था.
जशपुर पुलिस के काफी दबाव में आकर विकास नगर कुसमुंडा (कोरबा) में छिप कर रहने के दौरान आया पुलिस की गिरफ्त में.
आरोपी ने अपने अन्य पाँच साथियों के साथ उक्त अनियमितता को दिया था अंजाम.
प्रत्येक बार दूसरे के नाम से मोबाईल सिम निकालकर इस्तेमाल करता था, परंतु उसकी चालाकी काम नहीं आई.
मामले में संलिप्त रहे फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को पूर्व में किया जा चुका है गिरफ्तार, कुल 06 आरोपी हैं, इस अनियमितता के मामले में, अन्य फरार 04 आरोपियों की सघन पतासाजी जारी.
आरोपियों ने खरीफ वर्ष 2024 – 25 में की थी बड़ी अनियमितता.
प्रारंभिक जांच में ₹ 6,55,26,979 /- (छः करोड़ पचपन लाख छब्बीस हजार नौ सौ उन्यासी) की धांधली पाया गया,
खरीदी की थी 1,61,250 क्विंटल धान व मिल तथा संग्रहण केंद्रों को भेजा था 1,40, 663.12 क्विंटल धान 20,586.88 क्विंटल धान की पाई गई कमी.
छ.ग. राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में 318(4), 320, 336, 328 व 61 बीएनएस के तहत अपराध किया दर्ज.
गिरफ्तार आरोपी का नाम:- जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक) उम्र 40 साल निवासी तपकरा.
जशपुर : धान खरीदी व्यवस्था में हुए करोड़ों के घोटाले पर जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता सामने आई है। कोनपारा (तुमला) धान उपार्जन केंद्र में 6.55 करोड़ रुपये की अनियमितता के मास्टरमाइंड को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। शातिर तरीके से नाम बदल-बदलकर सिम इस्तेमाल करने वाला आरोपी पुलिस से बचने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य तक भागता रहा, लेकिन जशपुर पुलिस की सख्त घेराबंदी के आगे उसकी चालाकी काम नहीं आई। यह गिरफ्तारी पूरे मामले में अहम मोड़ मानी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है दिनांक 02 जनवरी 2026 को प्रार्थी राम कुमार यादव उम्र 61 वर्ष, नोडल अधिकारी छ.ग. राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स) के द्वारा थाना तुमला में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा पंजीयन क्रमांक 128 के धान खरीदी उपकेंद्र में क्रमशः 1. भुनेश्वर यादव (खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी), 2. जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), 3. शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), 4. जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर), 5. अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी), 6. चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी) के द्वारा खरीफ वर्ष 2024-25 में धान खरीदी कार्य में अनियमितता कर शासन को करोड़ों रुपए की क्षति पहुंचाई गई है। खरीदी केंद्र के कम्प्यूटर में दर्ज रिकार्ड के अनुसार उक्त खरीफ वर्ष 2024-25 में कुल 01 लाख 61 हजार 250 क्विंटल की धान खरीदी की गई थी, जबकि खरीदी केंद्र के द्वारा मिल व संग्रहण केंद्रों में कुल 1 लाख 40 हजार 663 क्विंटल 12 किलोग्राम धान का परिदान किया गया था। खरीदी केंद्र के पत्रक अनुसार कुल 20,586.88 क्विंटल धान की परिदान हेतु कमी पाई गई थी, जिसके सम्बन्ध में संयुक्त जांच दल के द्वारा भौतिक सत्यापन भी कराया गया था, मौके पर धान उपलब्ध नहीं था, जांच दल की रिपोर्ट में भी कुल 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। उक्त कृत्य के कारण प्रति क्विंटल 3100 रुपये के हिसाब से कुल 20,586.88 क्विंटल धान में 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये व धान पैकिंग हेतु नए पुराने कुल 4,898 नग बारदाने जिनकी कुल कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रुपये इस प्रकार दोनों को मिला कर 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए की शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। प्रार्थी की उक्त रिपोर्ट पर धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा के कर्मचारी क्रमशः 1. भुनेश्वर यादव (खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी), 2. जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), 3. शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), 4. जितेंद्र साय(कंप्यूटर ऑपरेटर), 5. अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी), 6. चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी) के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 320, 336, 338 व 61 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए उपरोक्त में से एक आरोपी फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम झारमुंडा थाना तुमला जिला जशपुर को दिनांक 06 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले से जुड़े अन्य आरोपी फरार हैं, पुलिस के द्वारा उनकी पातासाजी की जा रही थी।
एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह द्वारा कोनपारा धान खरीदी केन्द्र में हुई उक्त बड़ी आर्थिक अनियमितता के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम को लगाया गया था एवं इसके साथ सायबर यूनिट को भी सम्मिलित किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली थी कि जयप्रकाश साहू दमोह (मध्यप्रदेश) में अपने परिचित के यहां छिपा हुआ है एवं उस परिचित के नाम से सिम लेकर इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस को इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल एक टीम को दमोह भेजा गया था, परंतु पुलिस के आने की भनक पा कर वह दमोह से भाग कर विकास नगर कुसमुंडा जिला कोरबा में आ गया। यहां पर भी जयप्रकाश साहू अपने एक परिचित के नाम से मोबाईल सिम लेकर उसका इस्तेमाल कर रहा था, इसकी जानकारी जशपुर पुलिस को मिलने पर तत्काल बीते रात्रि में कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र में घेराबंदी कर एक घर से जयप्रकाश साहू को अभिरक्षा में लेकर वापस थाना तुमला में लाया गया। पूछताछ में उसके द्वारा अपने साथियों के साथ उक्त अनियमितता को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक) उम्र 40 साल निवासी तपकरा के विरूद्ध अपराध सबूत पाये जाने पर उसे दिनांक 21 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की सघन पतासाजी की जा रही है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, सहायक उपनिरीक्षक टेकराम सारथी, प्रधान आरक्षक 475 फ्रांसिस बेक, आरक्षक 17 संतोष राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस प्रकरण के बारे में एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि धान खरीदी केन्द्र कोनपारा में रूपये 6.55 करोड़ की अनियमितता मामले के दूसरे आरोपी जयप्रकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है, प्रकरण के अन्य 04 फरार आरोपियों की सघन पतासाजी की जा रही है, शीघ्र ही वे भी जशपुर पुलिस की गिरफ्त में होंगें, मामले में पुलिस की जांच जारी है।

