अवैध धान पर जशपुर पुलिस का शिकंजा : धान खरीदी सीजन में बड़ी कार्रवाई, तपकरा में प्रशासन–पुलिस की संयुक्त रेड, एक घर से 40 क्विंटल धान जब्त.

अवैध धान पर जशपुर पुलिस का शिकंजा : धान खरीदी सीजन में बड़ी कार्रवाई, तपकरा में प्रशासन–पुलिस की संयुक्त रेड, एक घर से 40 क्विंटल धान जब्त.

ज्ञातव्य है कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सीजन में, अवैध धान के आमद पर रोक लगाने हेतु जशपुर प्रशासन व पुलिस की टीम लगातार सक्रिय है व अवैध धान के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही भी कर रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 18 जनवरी 2026 की प्रातः करीबन 07:00 बजे तपकरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम जामटोली में मुखबिर की सूचना पर जिला प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से घर में डंप कर रखे गए 40 क्विंटल धान को पकड़ कर जप्त किया है।

मिली जानकारी के अनुसार आज दिनांक 18 जनवरी 2026 की प्रातः करीबन 07:00 बजे थाना तपकरा पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि ग्राम जामबहार में संदिग्ध मनोज एक्का उम्र 28 वर्ष के घर में भारी मात्रा में धान की बोरी रखा हुआ है, जो कि उसकी खेती के रकबा से कहीं अधिक है, उसे संदेह है कि मनोज एक्का के द्वारा कहीं और से अवैध रूप से धान लाकर अपने यहां डंप किया गया है, जिसे कि वह धान उपार्जन केंद्र में खपा सकता है।

जिस पर तत्काल थाना तपकरा पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, जिला प्रशासन की टीम को सूचित किया गया। जिस पर नायब तहसीलदार फरसाबहार शोभनाथ सिंह के द्वारा, अपनी टीम व पुलिस की टीम के साथ ग्राम जामबहार में संदिग्ध मनोज एक्का के घर पर धान के भौतिक सत्यापन हेतु तलाशी ली गई। भौतिक सत्यापन के दौरान, संदिग्ध मनोज एक्का के घर में उसके खेती के रकबा से धान के अतिरिक्त 40 क्विंटल धान अधिक मिला। जिसके सम्बन्ध में मनोज एक्का से वैध दस्तावेज की मांग किए जाने पर उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिया जा सका। जिस पर जिला प्रशासन व पुलिस की टीम के द्वारा कार्यवाही करते हुए उक्त 40 क्विंटल धान को जप्त कर लिया गया है।

Crime Jashpur