मोटर सायकल से कोरबा तक भगाने में सहयोग करने वाला सहआरोपी ओम प्रकाश सिदार भी चढ़ा पुलिस के हत्थे,
चौकी दोकड़ा क्षेत्र के एक ग्राम की घटना,
आरोपियों के विरूद्ध चौकी दोकड़ा में धारा 137(2), 96, 64(1) एवं पाॅक्सो एक्ट की धारा 6 का अपराध दर्ज।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम – 1. रोहित कुमार सिदार उम्र 26 साल निवासी धौरासाढ़ थाना फरसाबहार, 2. ओमप्रकाश सिदार उम्र 28 साल निवासी तुबा थाना फरसाबहार.
जशपुर : रिश्तों की मर्यादा को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला जशपुर से सामने आया है, जहाँ नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर दूर राज्य ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की गई। जशपुर पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आरोपी जीजा और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर समाज को झकझोरने वाला है।
मिली जानकारी के अनुसार चौकी दोकड़ा क्षेत्र के एक ग्राम के प्रार्थी ने दिनांक 14 दिसंबर 2025 को चौकी दोकड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री उम्र 15 साल 10 माह की कक्षा 11 वीं में एक स्कूल में पढ़ाई करती है, वह घर से स्कूल रोज आना-जाना करती है। प्रार्थी की पुत्री का दिनांक 13 दिसंबर 2025 को अर्द्धवार्षिक परीक्षा होने से वह स्वयं अपनी पुत्री को परीक्षा लिखने हेतु स्कूल छोड़ने गया था। शाम को अपनी पुत्री को वापस लाने गया तो उसकी पुत्री स्कूल में नहीं मिली। प्रार्थी द्वारा उसकी सहेलियों से पूछने पर पता चला कि वह परीक्षा में नहीं बैठी थी। प्रार्थी द्वारा अपनी पुत्री का आस-पास रिश्तेदारी में पता किया, पता नहीं चला। प्रार्थी की पुत्री को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने के संदेह पर चौकी दोकड़ा में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 137(2) का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान दिनांक 05 जनवरी 2026 को नाबालिग पीड़िता स्वतः परिजनों के साथ चौकी में उपस्थित आई, उसका महिला पुलिस अधिकारी के जरिये माननीय न्यायालय में कथन लिया गया। इस दौरान पीड़िता बताई कि दिनांक 13 दिसंबर 2025 को इसके जीजा रोहित कुमार सिदार अपने साथी ओम प्रकाश सिदार के साथ मोटर सायकल से इसके पास आये और कुछ काम है कह कर अपने साथ मोटर सायकल में बैठा कर उसे कोरबा ले गये। रात्रि में रोहित कुमार सिदार पीड़िता को अपने साथ एक रिश्तेदार के यहां रखा था। दूसरे दिन दिनांक 14 दिसंबर 2025 को ओमप्रकाश सिदार मोटर सायकल को वापस लेकर जा रहा हूं कहकर वहां से चला गया। तब कोरबा से जीजा रोहित कुमार सिदार ने पीड़िता को ट्रेन में बैठा कर जालंधर तथा हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में ले गया और पीड़िता को पत्नी बता कर वहां एक तंबू में रखा था। पीड़िता का जीजा रोहित कुमार सिदार वहां राजमिस्त्री का काम करता था और नाबालिग पीड़िता लेबर का काम करती थी। इसी दौरान नाबालिग से उसका जीजा ने शादी का झांसा देकर करीब 05-06 दिनों तक दुष्कर्म किया। प्रकरण में धारा 96, 64(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई।
इस गंभीर प्रकरण में एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने चौकी प्रभारी दोकड़ा उपनिरीक्षक अशोक यादव को आरोपियों की तत्काल पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिये थे। उक्त निर्देश के परिपालन में चौकी प्रभारी दोकड़ा के नेतृत्व में आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान मुखबीर से सूचना मिला कि आरोपी रोहित कुमार सिदार अपने घर आया हुआ है। इस सूचना पर तत्काल टीम द्वारा दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लिया गया एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उक्त अपराध को घटित करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सोल्ड पल्सर मोटर सायकल को जप्त किया गया है।
प्रकरण के दूसरे सहआरोपी ओमप्रकाश सिदार द्वारा पीड़िता को नाबालिग होना जानते हुये भी परिजनों को सूचना दिये बिना रोहित कुमार सिदार के साथ मिल कर मोटर सायकल में बैठा कर भगाने में सहयोग किया गया है। उक्त दोनों आरोपियों को दिनांक 13 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस प्रकरण की विवेचना कार्यवाही एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी दोकड़ा उपनिरीक्षक अशोक यादव, सहायक उपनिरीक्षक दिलबंधन भगत, प्रधान आरक्षक 390 कृपा सिंधु तिग्गा, आरक्षक कुलकांत हंसरा, आरक्षक राजकुमार, आरक्षक संजय साय का सराहनीय योगदान रहा है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि – ‘महिला एवं बालिकाओं से जुड़े अपराधों के प्रति जशपुर पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य कर रही है, चौकी दोकड़ा पुलिस द्वारा तत्परता, संवेदनशीलता एवं पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए दोनों आरोपियों को त्वरित रूप से गिरफ्तार किया गया है, महिला एवं बालिका की सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय सुनिश्चित करना जशपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।‘

