ऑपरेशन शंखनाद : जंगल में पैदल हांके जा रहे थे गौ-वंश ! पुलिस ने डुमरटोली में दबोचा तस्कर को, पुलिस का पीछा देख पिक-अप छोड़ भागे गौ तस्कर, 10 गौ-वंश ठूंस-ठूंस कर भरे मिले, एक आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल !

ऑपरेशन शंखनाद : जंगल में पैदल हांके जा रहे थे गौ-वंश ! पुलिस ने डुमरटोली में दबोचा तस्कर को, पुलिस का पीछा देख पिक-अप छोड़ भागे गौ तस्कर, 10 गौ-वंश ठूंस-ठूंस कर भरे मिले, एक आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल !

जशपुर : गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद लगातार तस्करों पर भारी पड़ रहा है। बीते दो दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई सटीक और त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने 20 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया, एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि दूसरे मामले में तस्कर पिक-अप छोड़कर फरार हो गए। यह अभियान गौ संरक्षण और कानून व्यवस्था के प्रति जशपुर पुलिस की सक्रियता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में वर्ष 2024 से गौ तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद चलाया जा रहा है, जिसके तहत जशपुर पुलिस निरंतर गौ तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है। जशपुर पुलिस के द्वारा ऑपरेशन शंखनाद जारी तिथि से अब तक 144 प्रकरणों में जहां 1400 से अधिक गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है, वहीं 239 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। जशपुर पुलिस के द्वारा गौ तस्करी में प्रयुक्त 70 वाहनों को भी जप्त किया गया है, जिनमें से 24 वाहनों को राजसात किया जा चुका है, शेष वाहनों की राजसात प्रक्रिया, प्रक्रियाधीन है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस को गत दो दिनों में सिटी कोतवाली जशपुर व थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत अलग-अलग मामलों में 20 नग गौ-वंशों को मुक्त कराने में सफलता मिली है व तस्करी में प्रयुक्त एक पिक-अप को भी जप्त किया गया है, साथ ही एक गौ तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।

थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 06.01.2026 को शाम करीबन 04:00 बजे सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबीर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम डूमरटोली के जंगल के रास्ते काफी संख्या में गौ-वंशों को बेरहमी पूर्वक मारते पीटते हुए, पैदल झारखंड राज्य की ओर ले जा रहा है। जिस पर पुलिस के द्वारा सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल मुखबिर के बताए स्थान, डूमरटोली जंगल में जाकर देखा तो पाया कि एक व्यक्ति 10 नग गौ-वंशों को बेरहमी पूर्वक पीटते हुए, पैदल हांक कर जल्दी-जल्दी ले जा रहा था। पुलिस टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घेरा बंदी कर गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया गया था। पुलिस को आता देख संदिग्ध गौ तस्कर जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गया था। पुलिस के द्वारा फरार आरोपी को चिन्हित कर लिया गया था, जिसकी पहचान ग्राम डूमरटोली थाना सिटी कोतवाली जशपुर, जिला जशपुर (छ.ग.) निवासी अजीत राम उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई थी, पुलिस के द्वारा उक्त फरार संदिग्ध आरोपी अजीत राम को उसके घर में दबिश दे कर हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में आरोपी अजीत राम के द्वारा अपराध स्वीकार करते हुए बताया गया कि उक्त सभी गौ-वंशों को वह गोविंदपुर झारखंड ले जा रहा था। पुलिस के द्वारा उससे गौ-वंशों से संबंधित दस्तावेजों की मांग करने पर उसके द्वारा कोई दस्तावेज नहीं दिया जा सका, जिस पर पुलिस के द्वारा आरोपी अजीत राम के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छ. ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

वहीं दूसरे प्रकरण में जशपुर पुलिस को गत रात्रि में जशपुर क्षेत्र से होकर, पिक-अप वाहन में गौ तस्करी की सूचना मिली थी, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में रात्रि में संदिग्ध पिक-अप वाहन को पकड़ने हेतु जिले की कई थानों की संयुक्त टीम के द्वारा, हाइवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक JH –02-BS –4348 आता दिखाई देने पर पुलिस के द्वारा, संदिग्ध वाहन का पीछा किया जा रहा था, तभी थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम पतराटोली के पास, पुलिस को पीछा करते देख, संदिग्ध गौ तस्कर पिक-अप वाहन को छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस की टीम जब पिक-अप वाहन के पास पहुंची, तब पाया कि पिक-अप में 10 नग गौ-वंशों को रस्सी से बांध कर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस के द्वारा पिक-अप में लोड सभी 10 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद कर, पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है व संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक JH –02-BS –4348 को भी जप्त कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पतासाजी कर रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

Crime Jashpur