मामले में खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी सहित छः के खिलाफ एफआईआर दर्ज, आरोपियों में से एक धान खरीदी उप केंद्र के फड़ प्रभारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल.
अन्य आरोपी फरार, पुलिस कर रही है तलाश, शीघ्र ही की जावेगी गिरफ्तारी, मामला थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत कोनपारा धान खरीदी केंद्र का,
खरीफ वर्ष 2024-25 में की थी गड़बड़ी, प्राथमिक जांच में 06 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की धांधली का अंदेशा.
खरीदी की थी 1,61,250 क्विंटल धान व मिल तथा संग्रहण केंद्रों को भेजा था 1,40, 663.12 क्विंटल धान 20,586.88 क्विंटल धान की पाई गई कमी.
छ. ग. राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले में 318(4),320,336,328 व 61 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया जांच विवेचना में.
गिरफ्तार फड़ प्रभारी – शिशुपाल यादव उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम झारमुंडा, थाना तुमला,जिला जशपुर (छ.ग)
जशपुर : जशपुर जिले में धान खरीदी व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। तुमला क्षेत्र के कोनपारा धान खरीदी उप केंद्र में करोड़ों की गड़बड़ी सामने आने के बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अपेक्स बैंक की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश तेज कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है दिनांक 02 जनवरी 2026 को प्रार्थी राम कुमार यादव उम्र 61 वर्ष, नोडल अधिकारी छ. ग. राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स) के द्वारा थाना तुमला में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा पंजीयन क्रमांक 128 के धान खरीदी उपकेंद्र में क्रमशः 1. भुनेश्वर यादव (खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी), 2. जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), 3. शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), 4. जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर), 5. अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी),6. चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी) के द्वारा खरीफ वर्ष 2024-25 में धान खरीदी कार्य में अनियमितता कर शासन को करोड़ों रुपए की क्षति पहुंचाई गई है। केंद्र के कम्प्यूटर में दर्ज रिकॉर्ड के अनुसार उक्त खरीफ वर्ष 2024-25 में कुल 1 लाख 61 हजार 250 क्विंटल की धान खरीदी की गई थी, जबकि खरीदी केंद्र के द्वारा मिल व संग्रहण केंद्रों में कुल 1 लाख 40 हजार 663 क्विंटल,12 किलोग्राम धान को परिदान किया गया था। खरीदी केंद्र के पत्रक के अनुसार कुल 20,586.88 क्विंटल धान की परिदान हेतु कमी पाई गई थी, जिसके सम्बन्ध में संयुक्त जांच दल के द्वारा भौतिक सत्यापन भी कराया गया था। मौके पर धान उपलब्ध नहीं था, जांच दल की रिपोर्ट में भी कुल 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई।
उक्त कृत्य के कारण प्रति क्विंटल 3100/- रुपये के हिसाब से कुल 20,586.88 क्विंटल धान में 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये व धान पैकिंग हेतु नए पुराने कुल 4,898 नग बारदाने जिनकी कुल कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रुपये, इस प्रकार दोनों को मिला कर 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए की शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है। अतः समिति स्तर पर धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा के प्रभारी अधिकारी, फड़ प्रभारी, सहायक फड़ प्रभारी, उप सहायक फड़ प्रभारी व कंप्यूटर ऑपरेटर के द्वारा मिली भगत कर, हेराफेरी करते हुए शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है।
पुलिस के द्वारा छ.ग.राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स) जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा के संदिग्ध क्रमशः 1. भुनेश्वर यादव (खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी), 2. जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), 3. शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), 4. जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर), 5. अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी), 6. चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी) के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4),320,336,338 व 61 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए संदिग्ध आरोपियों में से एक धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा के फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम झारमुंडा थाना तुमला जिला जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले से जुड़े अन्य आरोपी फरार हैं, पुलिस के द्वारा उनकी पतासाजी की जा रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा, मामले में पुलिस की अग्रिम जांच जारी है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, सहायक उपनिरीक्षक टेकराम सारथी, प्रधान आरक्षक फ्रांसिस बेक, आरक्षक दुर्योधन यादव, आरक्षक अजीत लाल टोप्पो व महिला आरक्षक बीरजिनिया टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर खरीफ वर्ष 2024-25 में तुमला क्षेत्रांतर्गत ‘धान खरीदी उप केंद्र कोनपारा’ के अधिकारी/कर्मचारियों के द्वारा करोड़ों रुपए की धान खरीदी की अनियमितता के संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है, मामले से जुड़े फड़ प्रभारी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। शेष आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है, जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा, मामले में पुलिस की जांच जारी है।

