कुनकुरी में बड़ी ATM लूट की कोशिश नाकाम, पुलिस की सतर्कता से टली वारदात
कुनकुरी (जशपुर)। नगर में बीती रात एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात होते-होते रह गई। कुनकुरी नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम को उखाड़कर ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन कुनकुरी पुलिस की प्रभावी रात्रि गश्त के चलते आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें नकाबपोश बदमाश पूरी वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।
सीसीटीवी को बनाया पहला निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 जनवरी 2026 की रात लगभग 1:00 से 2:00 बजे के बीच अज्ञात आरोपी शॉल और मास्क पहनकर PNB कुनकुरी शाखा परिसर स्थित एटीएम बूथ में दाखिल हुए। बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम और बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को निशाना बनाते हुए उन पर काले रंग का स्प्रे कर दिया, जिससे अधिकांश कैमरे खराब हो गए। हालांकि एक कैमरा उनकी नजर से बच गया, जिसमें पूरी घटना स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई।
रस्सी से बांधकर पीक-अप वाहन से उखाड़ा एटीएम
रात करीब 1:26 बजे आरोपियों ने एटीएम मशीन के पिछले हिस्से में मोटी रस्सी बांधी और पीक-अप वाहन की मदद से जोरदार झटका देकर मशीन को उखाड़ने का प्रयास किया। करीब 1:29 बजे आरोपी एटीएम मशीन को उखाड़ने में सफल हो गए और उसे वाहन में लोड करने की तैयारी करने लगे।
पुलिस पहुंचते ही मच गई अफरा-तफरी
इसी दौरान रात्रि गश्त पर तैनात कुनकुरी पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही बदमाश एटीएम मशीन को वहीं छोड़कर पीक-अप वाहन से फरार हो गए। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पहले से वाहन में रखे पत्थरों से पुलिस वाहन पर हमला कर दिया, जिससे पुलिस वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
तपकरा की ओर भागे आरोपी, वाहन छोड़कर फरार
पुलिस से बचने के लिए आरोपी पीक-अप वाहन से तपकरा की ओर भागे। कुंजारा जंगल के पास आरोपी वाहन को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। मौके से छोड़ा गया पीक-अप वाहन क्रमांक JH 07 E 9167 पुलिस ने जब्त कर लिया है।
बैंक ने दी लिखित शिकायत, FIR की प्रक्रिया
घटना के संबंध में पंजाब नेशनल बैंक, कुनकुरी शाखा के शाखा प्रबंधक द्वारा थाना प्रभारी कुनकुरी को लिखित आवेदन देकर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध चोरी के प्रयास और बैंक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। बैंक ने सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की बात कही है।
जशपुर पुलिस की सघन कार्रवाई जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। छोड़े गए वाहन, घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी लूट
इस पूरी घटना में सबसे अहम भूमिका कुनकुरी पुलिस की समय पर की गई रात्रि गश्त की रही, जिसके चलते एक बड़ी ATM लूट की वारदात टल गई। फिलहाल इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और पुलिस प्रोफेशनल तरीके से जांच में जुटी हुई है।

