सड़क सुरक्षा माह और महिला सुरक्षा अभियान : लैलूंगा पुलिस ने नारायणपुर में लगाई जन-चौपाल, महिलाओं को दी अधिकार और सुरक्षा की जानकारी, लैलूंगा पुलिस की जन चौपाल बनी जागरूकता का माध्यम.

सड़क सुरक्षा माह और महिला सुरक्षा अभियान : लैलूंगा पुलिस ने नारायणपुर में लगाई जन-चौपाल, महिलाओं को दी अधिकार और सुरक्षा की जानकारी, लैलूंगा पुलिस की जन चौपाल बनी जागरूकता का माध्यम.

देश भर में सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, वहीं जिले में सड़क सुरक्षा माह के साथ 11 दिवसीय महिला सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान भी संचालित है। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज थाना लैलूंगा के ग्राम नारायणपुर में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक श्री गिरधारी साव के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारी द्वारा महिलाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित अधिकारों, शासन द्वारा उपलब्ध विधिक सहायता तथा महिला एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर नए कानूनों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान कानूनों के तहत महिलाओं एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों में पीड़ितों को शीघ्र न्याय तथा दोषियों को कठोर सजा का प्रावधान है। साथ ही महिला संबंधी अपराधों में निःशुल्क विधिक सहायता एवं पीड़ित क्षतिपूर्ति राशि के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली आकस्मिक मौतें न केवल व्यक्ति बल्कि उसके पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति होती हैं। इससे बचाव के लिए यातायात नियमों का पालन आवश्यक है। उन्होंने बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के साथ वाहन में न बैठने तथा ओवर स्पीडिंग से बचने की अपील की।

थाना प्रभारी ने बताया कि लैलूंगा क्षेत्र के कई गांवों में महिलाओं की सक्रिय भूमिका से शराब बंदी संभव हुई है, जिससे घरेलू विवाद, झगड़ा एवं मारपीट की घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने महिलाओं से नशा मुक्ति अभियान में आगे आने का आह्वान किया।

Chhattisgarh