केवल कर्मचारी नहीं, कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा थे तीर्थाराम साहू: कलेक्टोरेट जशपुर में भावनात्मक वातावरण के बीच हुआ सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्ति समारोह

केवल कर्मचारी नहीं, कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा थे तीर्थाराम साहू: कलेक्टोरेट जशपुर में भावनात्मक वातावरण के बीच हुआ सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्ति समारोह

सेवा, सादगी और समर्पण की मिसाल

सहायक ग्रेड 2 तीर्थाराम साहू को उनके सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

तीन दशकों से अधिक समय तक प्रशासनिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी बने रहे श्री साहू

जशपुर : कलेक्टोरेट कार्यालय जशपुर में पदस्थ रहे सहायक ग्रेड-2 श्री तीर्थाराम साहू के सेवानिवृत्त होने पर कलेक्टोरेट कार्यालय परिसर में एक आत्मीय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, एसडीएम श्री विश्वासराव मस्के सहित कलेक्टोरेट कार्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने प्रिय सहकर्मी को पुष्पगुच्छ, शॉल, श्रीफल भेंट एवं माल्यार्पण कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों ने श्री साहू के लंबे सेवाकाल को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कर्तव्य निर्वहन में सदैव ईमानदारी, समयबद्धता और निष्ठा का परिचय दिया। सामान्य प्रशासनिक कार्यों से लेकर जटिल फाइल प्रबंधन तक, उनकी कार्यशैली अनुकरणीय रही है। कार्यालय में उनका शांत स्वभाव, सहयोगी दृष्टिकोण और हर कर्मचारी की सहायता के लिए तत्पर रहना उन्हें सभी के बीच अत्यंत प्रिय बनाता रहा।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू ने कहा कि श्री तीर्थाराम साहू केवल एक कर्मचारी नहीं बल्कि कार्यालय की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से अनेक नव पदस्थ कर्मचारियों को सीखने का अवसर मिला। सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक ने कहा कि उनके सेवानिवृत्त होने से कलेक्ट्रेट परिवार को एक अनुभवी मार्गदर्शक की कमी खलेगी। विदाई समारोह के दौरान श्री तीर्थाराम साहू भावुक नजर आए और उन्होंने सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट कार्यालय उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं बल्कि एक परिवार रहा है। उन्होंने अपने सेवाकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही वे अपने दायित्वों का सफल निर्वहन कर पाए। इस अवसर पर पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में अपनापन, सम्मान और कृतज्ञता का वातावरण देखने को मिला। श्री तीर्थाराम साहू के सेवानिवृत्त होने के साथ ही प्रशासनिक सेवा का एक समर्पित अध्याय पूर्ण हुआ, जिसे कार्यालय परिवार सदैव गर्व के साथ स्मरण करता रहेगा।

Jashpur