जशपुर में सड़क सुरक्षा को मिला नया आयाम : दुर्घटनाओं में जान बचाने की मुहिम तेज, 222 ‘सड़क सुरक्षा मितान’ मुख्यमंत्री द्वारा हुए सम्मानित, जशपुर के स्वयंसेवकों को मिला राज्यस्तरीय सम्मान.

जशपुर में सड़क सुरक्षा को मिला नया आयाम : दुर्घटनाओं में जान बचाने की मुहिम तेज, 222 ‘सड़क सुरक्षा मितान’ मुख्यमंत्री द्वारा हुए सम्मानित, जशपुर के स्वयंसेवकों को मिला राज्यस्तरीय सम्मान.

माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दिनांक 30  दिसंबर 2025 को जशपुर जिले के 222 सड़क सुरक्षा मितानों को उनके कार्यों की सराहना करते हुये सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण किट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन स्वयंसेवकों को दिया गया, जिन्हें सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने हेतु पूर्व में प्रशिक्षित किया जा चुका है।

कलेक्टर जशपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पूर्व में जिले के चयनित सड़क सुरक्षा मितानों को चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी सहायता सुनिश्चित करना रहा है। प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटना-स्थल पर पहुंचने की कार्यप्रणाली, यातायात नियंत्रण, घायलों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालना, प्राथमिक उपचार प्रदान करना तथा एम्बुलेंस एवं पुलिस सहायता से समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई।

सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर के दौरान तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेडक्रास सोसाइटी, जिला जशपुर एवं जिला पुलिस जशपुर के संयुक्त तत्वाधान में पूर्व में पुलिस लाईन जशपुर, थाना कुनकुरी परिसर तथा अग्रसेन भवन पत्थलगांव में इन 222 सड़क सुरक्षा मितानों को जीवन रक्षा संबंधी प्राथमिक उपचार का 02 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटना स्थल की सुरक्षा, घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया, रक्तस्राव रोकने, फ्रैक्चर की स्थिति में प्राथमिक उपचार, सीपीआर (CPR), एम्बुलेंस एवं पुलिस से समन्वय तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई थी।

इस अवसर पर माननीय श्री राधेश्याम राठिया सांसद रायगढ़, श्री चिंतामणि महाराज सांसद सरगुजा, श्रीमती गोमती साय विधायक पत्थलगांव एवं उपाध्यक्ष सरगुजा विकास प्राधिकरण, श्रीमती रायमुनी भगत विधायक जशपुर, श्री कृष्ण कुमार राय पूर्व पर्यटन मण्डल अध्यक्ष, श्री रोहित व्यास कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, श्री शशि मोहन सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला जशपुर, श्री अभिषेक कुमार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जशपुर, श्री अनिल कुमार सोनी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती मंजूलता बाज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Jashpur