शादी का झांसा दे अपने साथ भगाकर ले गया था आरोपी, नाबालिग बालिका को, मामला थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपी अशोक यादव के विरुद्ध थाना दुलदुला में बीएनएस की धारा 137(2),87,64(2)(ड़),65(1) व 4,6 पॉस्को एक्ट के तहत् अपराध पंजीबद्ध.
पुलिस के द्वारा आरोपी अशोक यादव के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटर सायकल व मोबाइल फोन को भी किया गया जप्त.
नाम गिरफ्तार आरोपी – अशोक यादव, उम्र 21 वर्ष.
जशपुर : ऑपरेशन मुस्कान के तहत जशपुर पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुमशुदा 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सूचना के चंद घंटों के भीतर झारखंड राज्य से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस गंभीर मामले में शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने व दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जशपुर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 25.12.2025 की थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम के प्रार्थी पिता ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी दिनांक 14.12.2025 को घर में ही थी, दूसरे दिन दिनांक 15.12.2025 की सुबह प्रार्थी जब उठ कर घर में देखा तो उसकी नाबालिग बेटी घर में नहीं थी। प्रार्थी व उनके परिजनों के द्वारा आसपास, पड़ोसियों, सहेलियों, रिश्तेदारों में पतासाजी किया गया, कहीं पता नहीं चला। प्रार्थी को संदेह है कि उसकी नाबालिग बेटी को किसी व्यक्ति के द्वारा बहला फुसलाकर कर भगा कर ले जाया गया है।
चूंकि मामला नाबालिग बालिका से संबंधित था, अतः मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल थाना दुलदुला में प्रार्थी की रिपोर्ट पर गुम इंसान व बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच पतासाजी में लिया गया था।
गुम नाबालिग बालिका की पातासाजी के दौरान पुलिस को मुखबीर की सूचना व परिजनों के सहयोग से पता चला कि उक्त नाबालिग गुम बालिका, जिला सिमडेगा झारखंड क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में आरोपी अशोक यादव के साथ, उसके घर में है। जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल झारखंड भेजी गई। जहां पुलिस की टीम के द्वारा आरोपी अशोक यादव उम्र 21 वर्ष के घर से गुम नाबालिग बालिका को, दस्तयाब किया गया व आरोपी अशोक यादव को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।
पुलिस की पूछताछ पर गुम नाबालिग बालिका ने बताया कि दो वर्ष पहले आरोपी अशोक यादव नाबालिग बालिका की दीदी की शादी में आया हुआ था, वहीं नाबालिग बालिका व आरोपी अशोक का आपस में परिचय हुआ। फिर दोनों के मध्य मोबाईल फोन के जरिए बातचीत होती रहती थी। इसी दौरान दिनांक दिनांक 14.12.2025 को आरोपी अशोक यादव के द्वार मोबाईल फोन के जरिए, बोला गया कि वह नाबालिग बालिका से प्यार करता है, उसके बिना नहीं रह सकता है, वह उसे लेने आ रहा है। जिस पर नाबालिग बालिका उसकी बातों में आ गई और दिनांक 14.12.2025 के रात्रि में जब उसके घर वाले सो रहे थे, तब लगभग 11:00 बजे चुपचाप घर से निकल कर अशोक यादव के साथ मोटर साइकल में बैठ कर चली गई। अशोक यादव नाबालिग बालिका को मोटर साइकल में बैठा कर पहले झारसुगड़ा उड़ीसा ले गया, वहां रेलवे स्टेशन में मोटर साइकल को छोड़ कर, नाबालिग बालिका को अपने साथ ट्रेन में केरल ले गया था। वहां दो दिन रेलवे स्टेशन में बिताने के बाद, वे पुनः झारसुगड़ा उड़ीसा लौट आए, चूंकि आरोपी झारसुगुड़ा के रेलवे स्टेशन में मोटर साइकल को छोड़ा था, अतः झारसुगड़ा पहुंच गए, पुनः आरोपी अशोक यादव, नाबालिग बालिका को मोटर साइकल में बैठा कर, झारखंड राज्य के जिला सिमडेगा क्षेत्रांतर्गत अपने गृह ग्राम में ले आया। इस दौरान आरोपी अशोक यादव के द्वारा शादी का झांसा देते हुए नाबालिग बालिका के साथ दैहिक शोषण भी किया गया है।
नाबालिग बालिका के कथन के आधार पर पुलिस के द्वारा मामले में आरोपी अशोक यादव के विरुद्ध बीएनएस की धारा 87,64(2)(ड़),65(1) व 4,6 पॉस्को एक्ट भी जोड़ा गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अशोक यादव के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है व उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल व मोबाइल फोन को भी जप्त किया गया है तथा गुम नाबालिग बालिका को भी स्वास्थ्य परीक्षण करा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व नाबालिग बालिका की दस्तयाबी तथा आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक भरत साहू, महिला आरक्षक सपना इन्दवार व नगर सैनिक दुर्गा प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि दुलदुला क्षेत्रांतर्गत एक नाबालिग बालिका के गुम होने के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाही करते हुए, झारखंड राज्य से नाबालिग बालिका को ढूंढ कर परिजनों के सुपुर्द किया है व नाबालिग बालिका को भगा कर शादी का झांसा देते हुए दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को भी पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, बच्चों व महिलाओं से संबंधित अपराध में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।

